ANNOUNCEMENTS



Sunday, December 7, 2008

मानव इतिहास - मध्यस्थ-दर्शन के दृष्टिकोण से

मनुष्य जब धरती पर सबसे पहले प्रकट हुआ तो जीव जानवरों की तरह ही जिया। जीव-चेतना में मनुष्य जिया - पर जीवों से अच्छा जीना चाहा। मनुष्य में कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता है - इसी लिए वह जीवों से अच्छा जीना चाहा। यह "अच्छा चाहना" मनुष्य में गुणात्मक परिवर्तन की सहज-अपेक्षा का ही प्रदर्शन है।

मनुष्य ने अपनी कल्पनाशीलता कर्म-स्वतंत्रता के चलते आहार, आवास, अलंकार, दूर-श्रवण, दूर-दर्शन, दूर-गमन की सभी वस्तुओं का इन्तेज़ाम कर लिया। "अच्छा चाहने" के अर्थ में वस्तुओं का तो इन्तेजाम कर लिया पर अपनी आवश्यकता का निर्णय नहीं होने से वस्तुओं के पीछे पागलपन बढ़ता गया। भौतिकवाद व्यवहारिक नहीं हुआ।

कल्पनाशीलता को दूसरे ओर मनुष्य ने "रहस्य" के लिए भी invest किया। "अच्छा चाहने" के लिए ही यह किया, इसमें दो राय नहीं है। रहस्यवाद व्यवहारिक नहीं हुआ।

इस तरह दोनों तरह से मनुष्य को स्थिरता -निश्चयता की जगह नहीं मिली। इसलिए मनुष्य आवारा हो गया। आवारा हुआ तो मनमानी करता ही है। मनमानी करने के परिणाम हमारे सामने आ ही गए हैं। धरती बीमार होने से मनुष्य की गलती उजागर हो गयी। अब विकल्प की आवश्यकता बन गयी।

मानव इतिहास को मैं ऐसे पहचानता हूँ। अभी मानव-इतिहास को ऐसे कोई पहचानता नहीं है। घटना-क्रम को इतिहास बताते हैं। यह घटना हुई, फ़िर दूसरी घटना हुई - इसको अभी इतिहास बताते हैं। मानव में गुणात्मक-परिवर्तन की सहज-अपेक्षा यदि नहीं होती तो मानव-चेतना के इस प्रस्ताव को प्रस्तुत करने की जगह ही नहीं होती। धरती का बीमार होना भी मानव-चेतना में संक्रमित होने की आवश्यकता को ही इंगित करता है। अपेक्षा और आवश्यकता के साथ अब सम्भावना का भी उदय हो गया है। मध्यस्थ-दर्शन के अनुसंधान पूर्वक मानव जाति की जागृति की सम्भावना उदय हो चुकी है। यह एक ऐतिहासिक घटना है।

- बाबा श्री नागराज शर्मा के साथ संवाद पर आधारित (अप्रैल २००८, अमरकंटक)

No comments: