ANNOUNCEMENTS



Tuesday, December 11, 2018

समाधान समृद्धि का मॉडल multiply हो सकता है.


समझाने वाले का पलड़ा ज्यादा भारी लगता रहे तो समझने वाले को समझ दूर ही लगती रहती है.  अध्यापक यदि दूरी बना के रखे तो उसका multiply होना मुश्किल है.  हमारा उद्देश्य multiply होना है.

मेरी समीक्षा में यह आ गया था कि राम multiply नहीं हुआ - जिसको मैं बहुत पढ़ा था.  कृष्ण multiply नहीं हुआ - जिसकी रंगरेली से लेकर कूटनीति तक मैंने सब पढ़ा है.  गाँधी जी आये - multiply नहीं हुए.  विनोबा आये - multiply नहीं हुए.  बुद्ध आये - multiply नहीं हुए.  महावीर आये - multiply नहीं हुए.  ईसा मसीह आये, वो कीला ठुकवा लिए - multiply नहीं हुए.  हर व्यक्ति कीला ठुकवाने को तैयार नहीं हुआ शायद!

अब इस अनुसन्धान के सफल होने से multiply होने का एक रास्ता बना है.  समाधान-समृद्धि का मॉडल multiply हो सकता है.  मेरे assessment में यह आ गया कि यह सबकी ज़रुरत है, सबको स्वीकृत है.

प्रश्न:  इतना सब ज्ञान जो आप लेकर चल रहे हैं, आपको भारी नहीं लगता?

उत्तर:  कहाँ कुछ भारी है?  अनुभव में कुछ बोझ होता ही नहीं है.  synthesis में बोझ नहीं है.  सब कुछ मूल्यांकन और समीक्षा में आने पर बोझ नहीं है.  समाधान के अर्थ में ही यथास्थिति का समीक्षा हुआ रहता है.  समाधान नहीं हो तो समीक्षा भी नहीं हो सकता.  बोझ तभी तक है जब तक समाधान नहीं है.  इसी आधार पर कह रहे हैं - समाधान-समृद्धि सबको स्वीकार है.  चैन से सोचना, चैन से करना, चैन से सोना, चैन से जीना!

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Sunday, December 9, 2018

प्रमाणित करते हुए समझना ज्यादा प्रभावशाली तरीका है.



परंपरा में जो नहीं था उसका प्रस्ताव प्रस्तुत करना अनुसंधान है.  प्रस्ताव को समझना शोध है.  समझे बिना हम कुछ भी करते हैं तो वह अधूरा होता है.  समझने के लिए पूरा प्रयत्न होना चाहिए.  समझने में हम धीरे-धीरे भी समझ सकते हैं, जल्दी भी समझ सकते हैं.

प्रश्न:  अभी जो दर्शन के लोकव्यापीकरण के प्रयास चल रहे हैं, आप उनको कैसे देखते हैं?  क्या वे आपकी नज़र में जागृत परंपरा के भ्रूण स्वरूप हैं?

उत्तर:  जागृत परंपरा के लिए जो ज्ञान चाहिए वह मेरे पास है.  उसमें मैं पारंगत हूँ और स्वयं प्रमाण हूँ.  यहाँ से शुरुआत है.  यह इन कार्यक्रमों के जागृत परंपरा के "भ्रूण" होने की बात नहीं है.  आपकी भाषा को ठीक होने की आवश्यकता है.  मैं स्वयं प्रमाण हूँ, उस प्रमाण के multiply होने के लिए ये कार्यक्रम हैं.  multiply होने के क्रम में बहुत सारे लोग शुभ का स्वागत करने के लिए बैठे हैं.  शुभ के लिए शंका करने वाले भी बैठे हैं.  इन दो चैनल में आदमी मिलता है, इसमें हमको कोई आश्चर्य नहीं है.  जो जिस चैनल में जाना चाहता है, जाए!  हम तो किसी को मजबूर करने वाले नहीं हैं कि आप ऐसा ही करो!  आपको जैसा इच्छा हो आप वैसा करो!

प्रश्न: इस तरीके से आप सबके साथ कैसे जुडेंगे?

उत्तर: जिसको ज्यादा ज़रुरत है वो पहले आएगा, उसके बाद वाला उसके पीछे आएगा, उसके बाद वाला उसके पीछे आएगा!  ऐसा मैं अपने में विन्यास लगा लेता हूँ.  इसमें क्या कोई बचेगा?

दो तरीके हैं जुड़ने के - पहला, मॉडल को बनाने के basic/foundation work में शामिल होना है, दूसरा - मॉडल के प्रमाणित होने के बाद शामिल हो जाना है.

प्रश्न: लेकिन अभी स्वयं समझ में पक्के हुए बिना कैसे इसको लेकर कुछ करें?

उत्तर: प्रमाणों के आधार पर हम पक्के होंगे.  (अनुकरण पूर्वक) प्रमाणित करते हुए समझना ज्यादा प्रभावशाली तरीका है.  स्वयं पूरे शोध पूर्वक समझने की जिम्मेदारी लेने वाले तरीके में अपेक्षाकृत कम बल है.

"अच्छा काम करना है" - यह उद्देश्य आप में कहीं न कहीं बन चुका है.  उसके लिए आवश्यक योग्यता अर्जित होने की घटना जब होना है तब घटित हो जाएगा.  इसमें देरी-जल्दी की बात नहीं है.  जितना देर में हम कर लेते हैं, वही हमारी अर्हता है.  जैसे - मैंने भी इस समझ को किसी मुहूर्त में ही हासिल किया और अपने को परिपूर्ण होना स्वीकारा.  अब इसमें मैं देरी क्या गिनूँ, जल्दी क्या गिनूँ?  जब घटित होगा तब गणना हो जाएगा कि कितना समय लगा!  इसमें भविष्यवाणी इतना ही किया जा सकता है - "समझदारी का यह प्रस्ताव है, आवश्यकता के अनुसार आदमी इसको ग्रहण करेगा."

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Friday, December 7, 2018

लोकव्यापीकरण के लिए जीता जागता मॉडल चाहिए

मेरी साधना जब फलवती हुआ तो पता चला यह पूरी बात मेरे अकेले की नहीं है, यह मानव जाति की सम्पदा है.  मानव जाति के पुण्य से यह मुझे हाथ लगा है - यह मैंने स्वीकार लिया.  अब इसको मानव को समर्पित करने की जिम्मेदारी, यानी इसके लोकव्यापीकरण करने की जिम्मेदारी को मैंने स्वीकार लिया.   लोकव्यापीकरण के लिए हर बात का उत्तर चाहिए.  मानव कैसे रहेगा, शिक्षा कैसे रहेगा, संविधान कैसा रहेगा, आचरण कैसा रहेगा.  यह न कम है, न ज्यादा है. 

साधना से वस्तु (समझदारी) प्राप्त करना और उसका लोकव्यापीकरण करना दो अलग-अलग संसार ही है.  लोकव्यापीकरण के लिए जीता जागता मॉडल चाहिए.  साधना में मैं विरक्ति विधि से रहा.  विरक्ति समझदारी का कोई मॉडल नहीं है.  समझदारी का मॉडल है - समाधान समृद्धि.  समझदारी से समाधान संपन्न मैं हो ही गया था, श्रम से समृद्धि का मैंने जुगाड़ कर लिया! 

मानव जाति के पुण्य से मैं यह दर्शन को पाया हूँ, मानव जाति के पुण्य से यह सफल भी होगा.  मानव जाति में शुभ स्वरूप में जीने की अपेक्षा रही है, पर शुभ का मॉडल नहीं रहा.  अब मॉडल आ गया.  minimum model को मैं जी कर प्रमाणित किया हूँ.  अब अगला स्टेप है - कम से कम १०० परिवार इस समझ को एक गाँव में स्वराज्य व्यवस्था के स्वरूप को प्रमाणित करें और १२वीं तक एक शिक्षा संस्था को स्थापित करें.  इसके बाद संसार में इसका ध्यानाकर्षण शुरू होगा.  उसके बाद १०० परिवार से विश्व परिवार तक कैसे प्रमाणित होंगे, इसको सोचेंगे.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक) 

दासत्व से मुक्ति

दासत्व से मुक्ति स्वावलंबन से आता है.  स्वावलंबन समाधान से आता है.  स्वावलंबन की चर्चा कब से हो रही है - पर क्या स्वावलंबन हो पाया?  अभी कुछ भी चोरी, सेंधमारी, लूटमारी, जानमारी करके पैसे कमा लेने को स्वावलंबन कहते हैं.  इस ढंग से क्या कोई स्वावलंबन होता है?

प्रश्न:  स्वावलंबन क्या है?

उत्तर: हमारे परिवार के शरीर पोषण, संरक्षण, और समाज गति की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जितना चाहिए उतना सामान्याकांक्षा या महत्त्वाकांक्षा संबंधी कोई भी वस्तु का उत्पादन कर लेना.  समाधान के बिना स्वावलंबन को इस प्रकार पहचानने का प्रवृत्ति ही नहीं बनता.  समाधान के बिना सेंधमारी, लूटमारी, जानमारी का ही प्रवृत्ति रहता है. 

- श्रद्धेय ए नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक) 

Thursday, December 6, 2018

साधन के साथ ही हम प्रमाणित होते हैं.



समझदारी के साथ व्यवस्था में भागीदारी करने का स्वीकृति हो जाती है.

समृद्धि के साथ ही समझदारी का प्रमाण दूर-दूर तक फैलता है.  प्रमाण गति के साथ है - जिसमे शरीर पोषण है, संरक्षण है, और समाज गति है.  समाज व्यवस्था में भागीदारी करने के लिए साधन चाहिए.  साधन के साथ ही हम प्रमाणित होते हैं.  साधन को छोड़ कर हम प्रमाणित नहीं होते. 

जीवन शरीर नामक साधन के साथ ही होता है - तब ही मानव संज्ञा बनता है.  शरीर का पोषण आवश्यक है.  संरक्षण आवश्यक है.  तब ही समाज गति संभव है. 

प्रश्न: साधन की आवश्यकता की मात्रा का कैसे निश्चयन करेंगे?

उत्तर:  एक व्यक्ति सोचता है - ग्राम परिवार व्यवस्था में भागीदारी करेंगे.  दूसरा व्यक्ति सोचता है - विश्व परिवार व्यवस्था में भागीदारी करेंगे.  दोनों संभव है.  जिस स्तर तक जिसका भागीदारी करने का अभिलाषा होता है उसके अनुसार साधन संपन्न होना उसका आवश्यकता होता है. 

आवश्यकता की मात्रा को सबके लिए समान किया नहीं जा सकता.   प्रयोजन के अर्थ में हर परिवार की आवश्यकताएं "सीमित" हैं, लेकिन हर परिवार की आवश्यकताएं "समान" नहीं हैं.  मार्क्स यहीं फेल हुआ.  उसने नारा दिया था -"मनुष्य अपनी आवश्यकता के अनुसार भोग करे, क्षमता के अनुसार श्रम करे".  वह सफल नहीं हुआ - क्योंकि आवश्यकता का ध्रुवीकरण नहीं हुआ.  (समझदारी के बिना) किसको क्या नहीं चाहिए?  आवश्यकता का ध्रुवीकरण नहीं हुआ क्योंकि अपनी प्रयोजनीयता पता नहीं है, सदुपयोगीयता पता नहीं है, उपयोगिता पता नहीं है.

मध्यस्थ दर्शन से निकला - मनुष्य अपनी उपयोगिता, सदुपयोगिता, प्रयोजनीयता को प्रमाणित करने के क्रम में समाज गति को अपनाता है.  समाजगति को अपनाने में जिसको जितना विशालता में भागीदारी करना है, उसको उतना साधन की आवश्यकता है.  उसको श्रम पूर्वक उत्पादन कर लो! 

जितना जिसका उपकार करने की अभिलाषा है, उतना साधन की मात्रा से संपन्न होने की उसकी  आवश्यकता है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Tuesday, December 4, 2018

मानव जाति जब कभी भी इस विकल्पात्मक प्रस्ताव को अपनाएगा तो एक बार तो पश्चात्ताप करेगा.



परिवर्तनशील वास्तविकताओं की ओर मानव का ध्यान शायद गया है.  नित्य/शाश्वत तथ्यों पर ध्यान गया नहीं है.  अध्यात्मवादियों ने इसके लिए पुरजोर कोशिश किया, पर वह लोकगम्य हुआ नहीं.  उनको उपलब्धि हुआ होता तो लोकगम्य हुआ ही होता!

अभी तक जितना मानव जाति गड़बड़ किये हैं, उसका परिणाम होगा ही.  अब पुनर्विचार करने पर मानव में मानसिक रूप में व्यथा के रूप में प्रायश्चित्त होगा ही.   यह सभी परम्पराओं के साथ होगा.  मानव जाति जब कभी भी इस विकल्पात्मक प्रस्ताव को अपनाएगा तो एक बार तो पश्चात्ताप करेगा.

मैं स्वयं उसी तरह (वेद विचार) को लेकर १० वर्ष तक पश्चात्ताप से गुजरा.  वैदिक विचार में ज्ञान को ही ब्रह्म, पवित्र, सर्वज्ञ और पूर्ण बताया.  फिर बताया ज्ञान अव्यक्त और अनिर्वचनीय है.

ज्ञान पर कौन पर्दा डाल दिया?

ज्ञान को लेकर शर्माने की क्या ज़रुरत थी?

ज्ञान को अव्यक्त रहने का क्या ज़रुरत था?

मेरे इन अड़भंगे सवालों से काफी संकट हुआ.

उसके बाद संविधान को देखा तो उसमे पाया कि राष्ट्रीय चरित्र व्याख्यायित ही नहीं है.  उस समय (१९४९-५०) मैंने वेदमूर्तियों को इकठ्ठा करके पूछा - आप इसको लिख कर दे दो!  यह सही समय है.  सुराष्ट्र के बारे में हम जो हर दिन परायण करते ही हैं - "प्रादुर्भूतो  सुराष्ट्रेस्मिन  कीर्तिमृद्धिम  ददातु  में" (श्री सूक्तं), उससे राष्ट्रीयता क्या है - यह लिख कर दे दो.  उसमे वे एक लाइन लिख कर नहीं दे पाए.  यह मेरी व्यथा का दूसरा कारण हुआ.

१० वर्ष इसको झेलने के बाद मैंने निर्णय किया - इसको अंत ही किया जाए.  या तो यह शरीर यात्रा अंत होगी या समाधान ही निकलेगा!

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Sunday, December 2, 2018

साम्य ऊर्जा संपन्न होने से हर वस्तु में कार्य ऊर्जा को पहचानने का गुण है.



इकाई ऊर्जा संपन्न है, इसलिए क्रियाशील है.  व्यापक सत्ता साम्य ऊर्जा है, जिसमें संपृक्त रहने से इकाई क्रियाशील है.  इकाई के क्रियाशील होने से कार्य ऊर्जा होगा ही. 

साम्य ऊर्जा इकाई नहीं है, न यह इकाई में बंध पाता है.  पारगामी होने के आधार पर साम्य ऊर्जा इकाई में बंध नहीं पाता.  साम्य ऊर्जा इकाई में परिवर्तित नहीं होता है.  इसी आधार पर इसे साम्य ऊर्जा नाम दिया है.

अभी विज्ञान ऊर्जा को जो पहचाना है, वह कार्य ऊर्जा ही है.  विज्ञान अभी साम्य ऊर्जा को नहीं पहचाना है.  स्थिति में नित्य वर्तमान ऊर्जा को विज्ञान नहीं पहचान पाता है.  विज्ञान ने कार्य ऊर्जा को बर्बादी करने के स्वरूप में ही पहचाना है, आबादी के रूप में पहचाना नहीं है.  अभी करोड़ों आदमी विज्ञान की रोशनी में चल रहा है, यह कितना कष्टदायी बात है - आप सोच लो! 

साम्य ऊर्जा पहचान आने के बाद कार्य ऊर्जा के प्रयोजन को हम पहचान सकते हैं.  कार्य ऊर्जा का प्रयोजन है - अस्तित्व में प्रकटनशीलता.  अगली अवस्था को प्रकट करने के रूप में.  पिछली अवस्था में अगली अवस्था का भ्रूण समाया रहता है, तभी अगली अवस्था प्रकट हुई.  पदार्थावस्था ही प्राणावस्था स्वरूप में प्रकट हुई.  प्राणावस्था ही जीवावस्था स्वरूप में प्रकट हुई.  जीवावस्था ही ज्ञानावस्था के शरीर स्वरूप में प्रकट हुई. 

कार्य ऊर्जा मात्रा के साथ ही है.  हर मात्रा स्वयं में साम्य ऊर्जा संपन्न रहता ही है.  इसलिए हर मात्रा कार्य ऊर्जा को पहचानने योग्य है, हर अवस्था में. 

साम्य ऊर्जा संपन्न होने से हर वस्तु में कार्य ऊर्जा को पहचानने का गुण है.  इसके प्रमाण में हम शमशान में मुर्दा को जलाने ले जाते हैं.  मुर्दा ऊर्जा संपन्न था, इसलिए चिता की आग को पहचान लिया और उसके निर्वाह में जल गया.  दूसरा उदाहरण: चूल्हे में दाल को पकाने रखते हैं.  दाल ऊर्जा संपन्न थी, इसलिए चूल्हे की लकड़ी की कार्य ऊर्जा को पहचान लिया, और इस पहचान के निर्वाह में दाल पक गयी. 

प्रश्न:  मानव भी तो एक मात्रा है, मानव अपने व्यवहार में कार्यऊर्जा को कैसे पहचानता है?

उत्तर: मानव मानव के साथ बात करता है.  किसी बात पर नाराज होता है, किसी पर प्रसन्न होता है, किसी बात को स्वीकारता है, किसी को अस्वीकारता है.  यह कार्य ऊर्जा की ही परस्पर पहचान पूर्वक है.  साम्य ऊर्जा संपन्न होने के कारण यह सब कार्य करने की योग्यता हममे आ गयी.  साम्य ऊर्जा को समझने के लिए सहअस्तित्ववादी विधि से प्रेरणा है. 

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)