ANNOUNCEMENTS



Sunday, March 26, 2017

मध्यस्थ-क्रिया

व्यवस्था का मूल स्वरूप परमाणु है. परमाणु में व्यवस्था का आधार है – मध्यस्थ क्रिया. परमाणु में मध्यस्थ-क्रिया स्वयं को संतुलित बना कर रखने के स्वरूप में मिला. कैसे? परमाणु के नाभिक में जो अंश हैं, वे घूर्णन गति करते हैं और परिवेशीय परमाणु-अंश वर्तुलात्मक और घूर्णनात्मक दोनों गतियाँ करते हैं. वर्तुलात्मक गति करते हुए परिवेशीय अंशों का नाभिक के बहुत पास आ जाने या नाभिक से बहुत दूर चले जाने का सम्भावना बना रहता है. उसको सटीक अच्छी दूरी में बनाए रखने के लिए मध्यस्थ-क्रिया काम करता रहता है. यही मध्यस्थ-शक्ति है, मध्यस्थ-बल है. हर परमाणु में ऐसा है.

स्वयं में संतुलित रहने के फलन में परमाणु अपने सम्पूर्णता के साथ त्व सहित व्यवस्था में प्रवृत्त हो गया. उसके फलन में परमाणु रसायन-संसार के लिए पूरक हो गया. रसायन-संसार तो आप के सामने गवाही के रूप में प्रत्यक्ष रखा है. स्वयं-स्फूर्त विधि से सह-अस्तित्व जो प्रकट हुआ है, इसी विधि से हुआ है. जिसको मैं देखा हूँ.

सत्ता में संपृक्तता वश हर परमाणु क्रियाशील है. क्रियाशीलता स्थिति-गति स्वरूप में व्यक्त है. क्रिया दो प्रकार से है – स्थिति और गति. स्थिति-क्रिया को हम ‘बल’ नाम दिया. गति में जो कार्य होता है, उसको ‘शक्ति’ नाम दिया.  अभी विज्ञानी स्थिति-क्रिया को पहचानते नहीं हैं. गति को ही कभी बल मानते हैं, कभी शक्ति मानते हैं. जबकि स्थिति में बल और गति में शक्ति होती है. परमाणु में मध्यांश मध्यस्थ-बल और मध्यस्थ-शक्ति को व्यक्त करता है.  मध्यस्थ-क्रिया के फलस्वरूप परमाणु में स्वयं-स्फूर्त कार्य करना, त्व सहित व्यवस्था होना, तथा परमाणु की पूरकता-उपयोगिता सिद्ध हुई. मध्यस्थ-बल और मध्यस्थ-शक्ति को हमें पहचानने की आवश्यकता है – स्वयं नियंत्रित रहने के लिए. एक परमाणु ने भी स्वयं नियंत्रित रहने के लिए मध्यस्थ-बल और मध्यस्थ-शक्ति का प्रयोग किया है. नियंत्रित रहने से स्वयं की पूरकता और उपयोगिता सिद्ध होती है.

जड़-प्रकृति में कुछ बनना, कुछ बिगडना - यह मनुष्य के पकड़ में आया है। जड़-प्रकृति में "त्व सहित व्यवस्था में होना और समग्र व्यवस्था में भागीदारी करना" परमाणु में मध्यस्थ-क्रिया का फलन है. यही स्वभाव-गति है. अस्तित्व में मानव के प्रकटन तक व्यवस्था ही व्यवस्था है. मानव के प्रकटन के बाद व्यवस्था और अव्यवस्था की गणना है.

भौतिक-रासायनिक रचना के स्थूल स्तर पर मध्यस्थ-क्रिया नहीं है. मध्यस्थ-क्रिया परमाणु के स्तर पर है (मध्यांश रूप में), और उसके बाद (जागृत) मानव के साथ है (अनुभव रूप में).

परमाणु में मध्यांश मध्यस्थ-क्रिया करता ही रहता है. मध्य में परमाणु-अंश की अवस्थिति के आधार पर उसका मध्यस्थीकरण क्रियाकलाप है. यही परमाणु-अंश यदि परिवेश में हों तो वह परिवेशीय अंश के अनुसार ही काम करता है. परिवेशीय अंश यदि मध्यांश के स्थान पर हों तो वह उसके अनुसार कार्य करता है. परमाणु में यदि एक से अधिक अंश मध्य में होते हैं तो वे सभी मध्यस्थ-क्रिया ही करते हैं. मध्य-स्थिति में होने से मध्यस्थ-क्रिया ही करते हैं, यही स्थान का बल है.

स्थान के अनुसार काम करने की बात प्रकटन-क्रम में प्राण-अवस्था तक आ गया. प्राण-अवस्था की रचना की मूल इकाई प्राण-कोशा है. प्राण-कोशा में निहित प्राण-सूत्रों में रचना विधि समाई है. जड़, तने, पत्ती, फूल, फल सभी में प्राण-कोशा हैं. रचना में जहां पर जो प्राण-कोशा है, वह उस स्थान के अनुसार काम करती है. स्थान के अनुसार काम करने की शुरुआत परमाणु से ही है. पदार्थ-अवस्था में परमाणु-अंशों और प्राण-अवस्था में प्राण-कोशों में अपने स्थान के अनुसार कार्य-रूप है. इस तरह क्रिया करने की बात जीव-अवस्था तक चला. जीव-अवस्था में शरीर के अनुसार जीवन काम करता है. जीव-अवस्था में शरीर के क्रियाकलाप का केन्द्र जीवन हुआ. उस ढंग से जीव-अवस्था की इकाइयां काम करती हैं.

पदार्थ-अवस्था, प्राण-अवस्था, और जीव-अवस्था स्वयं-स्फूर्त क्रियाशील हैं. कर्ता-पद में मानव ही है. सह-अस्तित्व सहज प्रकटन क्रम मानव तक पहुँचने पर यह बात होने लगी – “हम यह नहीं करेंगे, हम वह नहीं करेंगे. हम यह नहीं चाहेंगे, हम वह नहीं चाहेंगे.”. मानव ही अपने कर्ता होने को पहचानता है. मनुष्येत्तर-प्रकृति क्रिया होते हुए भी उसमें कर्ता पद का ज्ञान नहीं है. इनमें ‘करने’ का स्वीकृति है, पर अपने कर्ता होने का ज्ञान नहीं है.

मानव के क्रियाकलाप का केन्द्र क्या है? - यह उसको पता ही नहीं है. मानव के क्रियाकलाप का केन्द्र क्या है? – उसको पहचानने के लिए हम अध्ययन शुरू किये हैं. मानव के क्रियाकलाप का केन्द्र ‘समझ’ है. अपनी समझ के आधार पर काम करने की बात मानव से ही शुरू हुआ. मानव में समझ दो स्वरूप में है – अविकसित-चेतना और विकसित-चेतना. अविकसित-चेतना में जीने से क्या होता है इस बात के बारे में हम स्पष्ट हो चुके हैं. क्या होना चाहिए? – इसके लिए हम इस प्रस्ताव का अध्ययन शुरू किये हैं.

[दिसम्बर २०१०, अमरकंटक]

प्रश्न: सत्ता को आपने "मध्यस्थ" कहा है। उससे क्या आशय है?

प्रकृति चार अवस्थाओं के रूप में सत्ता में है। सत्ता प्रकृति की क्रियाओं से निष्प्रभावित रहता है। सत्ता पर प्रकृति की क्रियाएं प्रभाव नहीं डालती हैं। प्रकृति की हर क्रिया के मूल में सत्ता-सम्पन्नता रहता ही है। साम्य सत्ता में सम्पूर्ण क्रियाएं डूबे, भीगे, घिरे होने पर भी सत्ता में कोई अंतर नहीं आता है। इसीलिये सत्ता को "मध्यस्थ" कहा है।

मध्यस्थ-सत्ता में संपृक्तता के फलन में ही प्रकृति में मध्यस्थता है। प्रकृति में मध्यस्थता परंपरा के स्वरूप में प्रकट है। सत्ता ही मानव-परंपरा में "ज्ञान" रूप में व्यक्त होता है।

[दिसम्बर २००८, अमरकंटक]

प्रश्न:  आपने प्रतिपादित किया है - "सत्ता मध्यस्थ है और परमाणु में मध्यांश मध्यस्थ क्रिया है." मध्यस्थ सत्ता और मध्यस्थ क्रिया में अंतर क्या है?

उत्तर: सत्ता मध्यस्थ है – अर्थात सत्ता सम और विषम प्रभावों से मुक्त है। सत्ता में भीगे रहने से मध्यांश में जो ताकत रहता है, उसी का नाम है मध्यस्थ-बल। मध्यस्थ-बल के आधार पर ही चुम्बकीय बल है – जिससे मध्यांश द्वारा परिवेशीय अंशों को स्वयं-स्फूर्त विधि से नियंत्रित करना बनता है।  मध्यस्थ-क्रिया सम और विषम प्रभावों को नियंत्रित करता है। सत्ता कोई नियंत्रण करता नहीं है, जबकि मध्यस्थ-क्रिया नियंत्रण करता है। सत्ता सम-विषम से अप्रभावित रहता है, जबकि मध्यस्थ-क्रिया सम-विषम को नियंत्रित करता है। दोनों में अंतर यही है. 

[सितम्बर २०११, अमरकंटक]

इकाई (प्रकृति) की स्वभाव गति सम-विषम के साथ है.  सत्ता अपने में मध्यस्थ है, जो सम-विषम से मुक्त है.   

प्रकृति में सम और विषम दोनो मध्यस्थ होना चाहते हैं, इसी की परिणति है - चारों अवस्थाओं का प्रकटन।  

आपको सम, विषम और मध्यस्थ के बारे में बताया।  ज्ञान मध्यस्थ है, सम-विषम से मुक्त है.  सम-विषम कार्यकलाप होता है.  सम-विषम की गणना होती है.  ज्ञान की गणना नहीं होती।  ज्ञान विधि से बात करने के लिये मध्यस्थ को पकड़ना होगा, जो सम-विषम से मुक्त है.

प्रश्न: मानव के ज्ञान संपन्न होने पर उसमें अनुभव, विचार और व्यवहार के साथ-साथ क्या उसका जड़ प्रकृति के साथ कार्यकलाप भी मध्यस्थ हो जाता है?

उत्तर:  कार्यकलाप सम-विषम ही होता है.  ज्ञान मध्यस्थ है.  मानव को अध्ययन पूर्वक ज्ञान में अनुभव होता है.  अनुभव-संपन्न मानव का कार्य-कलाप सम-विषम ही होता है, पर वह मध्यस्थ क्रिया (आत्मा) द्वारा नियंत्रित होता है.  ज्ञान और विज्ञान दोनों एक स्तर के नहीं हैं.  ज्ञान कारण स्तर पर है, विज्ञान कार्य स्तर पर है. 

[मई २०१४, अछोटी]



No comments: