ANNOUNCEMENTS



Thursday, December 6, 2018

साधन के साथ ही हम प्रमाणित होते हैं.



समझदारी के साथ व्यवस्था में भागीदारी करने का स्वीकृति हो जाती है.

समृद्धि के साथ ही समझदारी का प्रमाण दूर-दूर तक फैलता है.  प्रमाण गति के साथ है - जिसमे शरीर पोषण है, संरक्षण है, और समाज गति है.  समाज व्यवस्था में भागीदारी करने के लिए साधन चाहिए.  साधन के साथ ही हम प्रमाणित होते हैं.  साधन को छोड़ कर हम प्रमाणित नहीं होते. 

जीवन शरीर नामक साधन के साथ ही होता है - तब ही मानव संज्ञा बनता है.  शरीर का पोषण आवश्यक है.  संरक्षण आवश्यक है.  तब ही समाज गति संभव है. 

प्रश्न: साधन की आवश्यकता की मात्रा का कैसे निश्चयन करेंगे?

उत्तर:  एक व्यक्ति सोचता है - ग्राम परिवार व्यवस्था में भागीदारी करेंगे.  दूसरा व्यक्ति सोचता है - विश्व परिवार व्यवस्था में भागीदारी करेंगे.  दोनों संभव है.  जिस स्तर तक जिसका भागीदारी करने का अभिलाषा होता है उसके अनुसार साधन संपन्न होना उसका आवश्यकता होता है. 

आवश्यकता की मात्रा को सबके लिए समान किया नहीं जा सकता.   प्रयोजन के अर्थ में हर परिवार की आवश्यकताएं "सीमित" हैं, लेकिन हर परिवार की आवश्यकताएं "समान" नहीं हैं.  मार्क्स यहीं फेल हुआ.  उसने नारा दिया था -"मनुष्य अपनी आवश्यकता के अनुसार भोग करे, क्षमता के अनुसार श्रम करे".  वह सफल नहीं हुआ - क्योंकि आवश्यकता का ध्रुवीकरण नहीं हुआ.  (समझदारी के बिना) किसको क्या नहीं चाहिए?  आवश्यकता का ध्रुवीकरण नहीं हुआ क्योंकि अपनी प्रयोजनीयता पता नहीं है, सदुपयोगीयता पता नहीं है, उपयोगिता पता नहीं है.

मध्यस्थ दर्शन से निकला - मनुष्य अपनी उपयोगिता, सदुपयोगिता, प्रयोजनीयता को प्रमाणित करने के क्रम में समाज गति को अपनाता है.  समाजगति को अपनाने में जिसको जितना विशालता में भागीदारी करना है, उसको उतना साधन की आवश्यकता है.  उसको श्रम पूर्वक उत्पादन कर लो! 

जितना जिसका उपकार करने की अभिलाषा है, उतना साधन की मात्रा से संपन्न होने की उसकी  आवश्यकता है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Tuesday, December 4, 2018

मानव जाति जब कभी भी इस विकल्पात्मक प्रस्ताव को अपनाएगा तो एक बार तो पश्चात्ताप करेगा.



परिवर्तनशील वास्तविकताओं की ओर मानव का ध्यान शायद गया है.  नित्य/शाश्वत तथ्यों पर ध्यान गया नहीं है.  अध्यात्मवादियों ने इसके लिए पुरजोर कोशिश किया, पर वह लोकगम्य हुआ नहीं.  उनको उपलब्धि हुआ होता तो लोकगम्य हुआ ही होता!

अभी तक जितना मानव जाति गड़बड़ किये हैं, उसका परिणाम होगा ही.  अब पुनर्विचार करने पर मानव में मानसिक रूप में व्यथा के रूप में प्रायश्चित्त होगा ही.   यह सभी परम्पराओं के साथ होगा.  मानव जाति जब कभी भी इस विकल्पात्मक प्रस्ताव को अपनाएगा तो एक बार तो पश्चात्ताप करेगा.

मैं स्वयं उसी तरह (वेद विचार) को लेकर १० वर्ष तक पश्चात्ताप से गुजरा.  वैदिक विचार में ज्ञान को ही ब्रह्म, पवित्र, सर्वज्ञ और पूर्ण बताया.  फिर बताया ज्ञान अव्यक्त और अनिर्वचनीय है.

ज्ञान पर कौन पर्दा डाल दिया?

ज्ञान को लेकर शर्माने की क्या ज़रुरत थी?

ज्ञान को अव्यक्त रहने का क्या ज़रुरत था?

मेरे इन अड़भंगे सवालों से काफी संकट हुआ.

उसके बाद संविधान को देखा तो उसमे पाया कि राष्ट्रीय चरित्र व्याख्यायित ही नहीं है.  उस समय (१९४९-५०) मैंने वेदमूर्तियों को इकठ्ठा करके पूछा - आप इसको लिख कर दे दो!  यह सही समय है.  सुराष्ट्र के बारे में हम जो हर दिन परायण करते ही हैं - "प्रादुर्भूतो  सुराष्ट्रेस्मिन  कीर्तिमृद्धिम  ददातु  में" (श्री सूक्तं), उससे राष्ट्रीयता क्या है - यह लिख कर दे दो.  उसमे वे एक लाइन लिख कर नहीं दे पाए.  यह मेरी व्यथा का दूसरा कारण हुआ.

१० वर्ष इसको झेलने के बाद मैंने निर्णय किया - इसको अंत ही किया जाए.  या तो यह शरीर यात्रा अंत होगी या समाधान ही निकलेगा!

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Sunday, December 2, 2018

साम्य ऊर्जा संपन्न होने से हर वस्तु में कार्य ऊर्जा को पहचानने का गुण है.



इकाई ऊर्जा संपन्न है, इसलिए क्रियाशील है.  व्यापक सत्ता साम्य ऊर्जा है, जिसमें संपृक्त रहने से इकाई क्रियाशील है.  इकाई के क्रियाशील होने से कार्य ऊर्जा होगा ही. 

साम्य ऊर्जा इकाई नहीं है, न यह इकाई में बंध पाता है.  पारगामी होने के आधार पर साम्य ऊर्जा इकाई में बंध नहीं पाता.  साम्य ऊर्जा इकाई में परिवर्तित नहीं होता है.  इसी आधार पर इसे साम्य ऊर्जा नाम दिया है.

अभी विज्ञान ऊर्जा को जो पहचाना है, वह कार्य ऊर्जा ही है.  विज्ञान अभी साम्य ऊर्जा को नहीं पहचाना है.  स्थिति में नित्य वर्तमान ऊर्जा को विज्ञान नहीं पहचान पाता है.  विज्ञान ने कार्य ऊर्जा को बर्बादी करने के स्वरूप में ही पहचाना है, आबादी के रूप में पहचाना नहीं है.  अभी करोड़ों आदमी विज्ञान की रोशनी में चल रहा है, यह कितना कष्टदायी बात है - आप सोच लो! 

साम्य ऊर्जा पहचान आने के बाद कार्य ऊर्जा के प्रयोजन को हम पहचान सकते हैं.  कार्य ऊर्जा का प्रयोजन है - अस्तित्व में प्रकटनशीलता.  अगली अवस्था को प्रकट करने के रूप में.  पिछली अवस्था में अगली अवस्था का भ्रूण समाया रहता है, तभी अगली अवस्था प्रकट हुई.  पदार्थावस्था ही प्राणावस्था स्वरूप में प्रकट हुई.  प्राणावस्था ही जीवावस्था स्वरूप में प्रकट हुई.  जीवावस्था ही ज्ञानावस्था के शरीर स्वरूप में प्रकट हुई. 

कार्य ऊर्जा मात्रा के साथ ही है.  हर मात्रा स्वयं में साम्य ऊर्जा संपन्न रहता ही है.  इसलिए हर मात्रा कार्य ऊर्जा को पहचानने योग्य है, हर अवस्था में. 

साम्य ऊर्जा संपन्न होने से हर वस्तु में कार्य ऊर्जा को पहचानने का गुण है.  इसके प्रमाण में हम शमशान में मुर्दा को जलाने ले जाते हैं.  मुर्दा ऊर्जा संपन्न था, इसलिए चिता की आग को पहचान लिया और उसके निर्वाह में जल गया.  दूसरा उदाहरण: चूल्हे में दाल को पकाने रखते हैं.  दाल ऊर्जा संपन्न थी, इसलिए चूल्हे की लकड़ी की कार्य ऊर्जा को पहचान लिया, और इस पहचान के निर्वाह में दाल पक गयी. 

प्रश्न:  मानव भी तो एक मात्रा है, मानव अपने व्यवहार में कार्यऊर्जा को कैसे पहचानता है?

उत्तर: मानव मानव के साथ बात करता है.  किसी बात पर नाराज होता है, किसी पर प्रसन्न होता है, किसी बात को स्वीकारता है, किसी को अस्वीकारता है.  यह कार्य ऊर्जा की ही परस्पर पहचान पूर्वक है.  साम्य ऊर्जा संपन्न होने के कारण यह सब कार्य करने की योग्यता हममे आ गयी.  साम्य ऊर्जा को समझने के लिए सहअस्तित्ववादी विधि से प्रेरणा है. 

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Saturday, December 1, 2018

नियम - नियंत्रण - संतुलन



समग्रता के साथ ही अस्तित्व साक्षात्कार होता है.  पूरा अस्तित्व सहअस्तित्व स्वरूप में साक्षात्कार होना, फिर उसके विस्तार में चारों अवस्थाओं के स्वरूप में व्यवस्था का साक्षात्कार होना.

मानव नियति विधि से चारों अवस्थाओं के शाश्वत अंतर्संबंधों को पहचानता है और कार्य-व्यव्हार विधि से उनसे अपने सम्बन्ध को पहचानता है, और प्रमाणित करता है.

पदार्थावस्था से ज्ञानावस्था तक जो प्रकटन हुआ है, उसमे शाश्वत अंतर्संबंध हैं.  अध्ययन = इन शाश्वत अंतर्संबंधों को पहचानना और उसके अनुसार अपने आचरण (उपयोग, सदुपयोग, प्रयोजनशीलता) को निर्धारित कर लेना.

अध्ययन विधि में क्रम से साक्षात्कार होता है.  अनुक्रम से यह पूरा समझ में आता है.  अनुक्रम का अर्थ है - मानव के साथ जीव संसार, वनस्पति संसार, पदार्थ संसार कैसा अनुप्राणित है, इसको समझना.  सबके साथ हम जो जुड़े हैं, इन जुड़ी हुई कड़ियों (अंतर्संबंधों) को पहचान लेना.  इन कड़ियों (अंतर्संबंधों) को पहचानने के बाद निर्वाह कर लेना ही "सम्बन्ध" है.  इससे मानवेत्तर प्रकृति के साथ नियम-नियंत्रण-संतुलन और मानव के साथ न्याय-धर्म-सत्य प्रमाणित होगा.  प्रयोजन सिद्ध होगा, निरंतरता बनी रहेगी.  मानव अपराध मुक्त हो कर जी पायेगा, धरती को तंग करने की आवश्यकता समाप्त होगी, धरती के अपने में सुधरने का अवसर बनेगा, मानव जाति के शाश्वत स्वरूप में धरती पर रहने की संभावना उदय होगी.  इसको हम "सर्वशुभ" मानते हैं.  सर्वशुभ का वैभव यह है.  सर्वशुभ को काट कर स्वशुभ को प्रमाणित करना बनता ही नहीं है.  आज तक किसी ने भी इसको प्रमाणित नहीं किया.

सहअस्तित्व में तदाकार होने पर उसी स्वरूप में मानव जीने के योग्य हो जाता है, प्रमाणित हो जाता है.  सहअस्तित्व में तदाकार होने पर वस्तु के आचरण के साथ तदाकार होकर नियम को पहचानते हैं.  आचरण की निरंतरता में तदाकार हो कर नियंत्रण को पहचानते हैं.  आचरण की निरंतरता ही परंपरा स्वरूप में होती है.  उपयोगिता-पूरकता में तदाकार होने पर संतुलन को पहचानते हैं.  जैसे - दो अंश का परमाणु एक निश्चित आचरण को करता है.  दो अंश के सभी परमाणु उसी आचरण को करते हैं, जो परिणामानुषंगी परंपरा के स्वरूप में नियंत्रित है.  इसी तरह हरेक वस्तु में एक के साथ आचरण और परंपरा स्वरूप में आचरण की निरंतरता है.

पदार्थावस्था में परिणाम अनुषंगी परंपरा है, जिसमे कोई व्यतिरेक नहीं है.  प्राणावस्था में बीजानुषंगी परंपरा है, जिसमे कोई व्यतिरेक नहीं है.  जीवावस्था में वंशानुशंगी परंपरा है, जिसमे कोई व्यतिरेक नहीं है.  मानव तक पहुंचे तो मानव का पता ही नहीं है कि उसका नियंत्रण कैसे होगा?  एक-एक आदमी हज़ारों समस्याओं का पुलिंदा है!  सहअस्तित्व विधि से पता चला न्याय पूर्वक मानव का निश्चित आचरण है.  समाधान (धर्म) पूर्वक नियंत्रण है.  सत्य पूर्वक संतुलन है.  मानव में - न्याय ही नियम है, धर्म ही नियंत्रण है, सत्य ही संतुलन है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Friday, November 30, 2018

प्रकृति में परस्पर पहचान का स्वरूप



भौतिक रासायनिक वस्तुओं की परस्परता में जो दूरियाँ रहती है, वह स्वयं व्यापक वस्तु (सत्ता) ही है.  जहाँ भौतिक रासायनिक वस्तुएं हैं वहाँ भी व्यापक वस्तु पारगामी विधि से यथावत है. 

प्रश्न: प्रकृति की वस्तुओं की परस्परता में परस्पर पहचान में व्यापक वस्तु का क्या रोल है?

उत्तर: व्यापक वस्तु की पारदर्शीयता - जिससे वस्तुएं/इकाइयां एक दूसरे को पहचान सकती हैं.  पहचानने के लिए जो ताकत है वह वस्तुओं के बीच में रखा है.  व्यापक वस्तु ही पहचानने की अच्छी निश्चित दूरी है.  दूरी बीच में न हो तो पहचान होता ही नहीं है.  जैसे - मैंने इस वस्तु को छुआ, यह स्पर्श ज्ञान मुझे मेरे हाथ और इस वस्तु के बीच दूरी के आधार पर हो रहा है.  स्पर्श में वस्तुओं के बीच दूरी रहता ही है.  यदि हाथ और वस्तु के बीच में दूरी नहीं होती तो इनको अलग किया ही नहीं जा सकता था.  परस्परता में दूरी नहीं है तो स्पर्श ज्ञान भी नहीं है. 

प्रश्न: प्रकृति की वस्तुओं के परस्पर पहचान का क्या स्वरूप है?

उत्तर: वस्तुएं एक दूसरे को शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध विधि से पहचानती हैं.  इन पाँच प्रकार से पहचानने की विधियाँ हैं. 

इनमे सर्वप्रथम स्पर्श विधि से पहचान का प्रकटन है.  एक परमाणु अंश दूसरे परमाणु अंश को स्पर्श विधि से पहचानता है.  स्पर्श स्वीकृति के आधार पर परमाणु अंश परमाणु की व्यवस्था में भागीदारी करने में तत्पर हो गए.

स्पर्श के बाद गंध के आधार पर पहचान का प्रकटन हुआ.  गंध के आधार पर सभी प्राणकोशाएं काम करते हैं.  एक ही भूमि से गन्ने का जड़ अपने पोषण की वस्तु ले लेता है, धतूरे का जड़ अपने पोषण की वस्तु ले लेता है.  यह गंध के आधार पर होता है. 

शब्द या ध्वनि  के आधार पर पहचान का भ्रूण स्वरूप जीवों में हुआ, जिसका मानव में पूरा प्रकटन हो गया.

रूप का "होना" जीवों में पहचान में आता है.  मानव में रूप का "होना" और "रहना" (आचरण) दोनों पहचान में आता है.  इस तरह रूप के आधार पर पहचानने का भ्रूण स्वरूप जीवों में हुआ, जिसका प्रकटन मानव में हुआ.

रस के आधार पर अपने आहार की पहचान जीव संसार में हुई.  जिसमे दो प्रजाति हुई - शाकाहारी और मांसाहारी.  शाकाहारी जीव अपने आहार को पूरा पहचानते हैं, मांसाहारी अपने आहार को पूरा नहीं पहचानते.  मांसाहारी जीव भूख लगने के समय कुछ भी खा लेते है, इसीलिये इनको क्रूर कहा.  मांसाहारी जीवों में ऐसा नहीं होता कि यही आहार करेंगे, दूसरा आहार नहीं करेंगे. 

इस तरह प्रकृति में शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध पूर्वक पहचान का क्रमशः प्रकटन हुआ.  इतने से मानव का चार विषयों और पांच संवेदनाओं की सीमा में रूचि मूलक जीना बन गया, जिसको "जीव चेतना" कहा.  ऐसे जीने से समस्याएं हुई जिससे मानव चेतना की आवश्यकता बनी.  मानव चेतना के लिए यह प्रस्ताव है.  मानव चेतना में संज्ञानीयता पूर्वक हर वस्तु को उसके प्रयोजन के अर्थ में पहचानते हैं, जिससे मूल्य मूलक और लक्ष्य मूलक जीना बनता है.

- श्रद्धेय ए नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)



Saturday, November 24, 2018

हर अगली अवस्था का भ्रूण उसकी पिछली अवस्था में बनता है


पदार्थावस्था में जितने प्रजाति के परमाणु होना था, उनका प्रकटन होने के बाद उसमे यौगिक क्रिया का भ्रूण बना.  भ्रूण बनने का अर्थ है - पदार्थावस्था में प्राणावस्था को प्रकट करने की आवश्यकता बन गयी.  प्राणावस्था प्रकट होने की पृष्ठभूमि को हम "भ्रूण" कह रहे हैं.

प्रश्न: भ्रूण वस्तु के रूप में क्या है?

उत्तर: जो प्रकट हो सकता है, उसको भ्रूण कहते हैं.  जैसे- आम की डाल पर उसके फूल लगने से पहले उसका भ्रूण उस डाल में बनता है.

इसी तरह सभी स्थितियों में पर-रूप का भ्रूण पूर्व-रूप में निहित रहता है.  जैसे - पानी एक यौगिक है, जो एक जलने वाले और एक जलाने वाले वस्तु के योग से प्रकट हुआ है.  इन दोनों परमाणुओं में एक दूसरे से मिलने की आवश्यकता जो बना, वही भ्रूण है.

यह समझ में आने पर आदमी का अहंकार काफी शांत हो जाता है.  नहीं तो आदमी अपनी शेखी बघारने में लगा रहता है.  इस बात को गंभीरता से सोचने की आवश्यकता है.

मिलन को योग संज्ञा है.  एक दूसरे से मिलने के बाद "ऐक्य" या "सहवास" स्वरूप में हो जाते हैं.  एक दूसरे से मिलने के बाद अलग-अलग स्वरूप पता नहीं चले उसे ऐक्य कहा.  जैसे - अपना-अपना आचरण छोड़ कर जलने वाला और जलाने वाला वस्तु एक तीसरे आचरण (प्यास बुझाने वाला) को अपना लिए, और जल का प्रकटन हुआ.  यह एक सहज नियंत्रण का स्वरूप है.  यह यदि समझ में आता है तो आदमी में अभी जो प्रकृति का नियंत्रण करने का शेखचिल्ली है वह समाप्त हो जाता है. 

प्रकृति में नियति विधि से "होना" और "रहना" का प्रकटन है.  होने और रहने के स्वरूप में यह सम्पूर्ण सहअस्तित्व है.  हर वस्तु होने और रहने के स्वरूप में है.  होना चार अवस्थाओं के स्वरूप में है.  रहना - त्व सहित व्यवस्था और समग्र व्यवस्था में भागीदारी.  इसमें मानव की सबसे विडंबनात्मक स्थिति है.  अभी तक मानव जीवचेतना में जीते हुए पशुमानव/राक्षसमानव स्वरूप में जिया है, उससे उठा नहीं है.  कमर सीधा हुआ नहीं है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Wednesday, November 21, 2018

योग-संयोग न हो, ऐसा कोई स्थिति ही नहीं है



सत्ता में संपृक्त प्रकृति के कारण योग-संयोग है.  सारी क्रियाएं इसी प्रकार हैं.

मानव शरीर यात्रा के सुगम बने रहने के लिए भी योग-संयोग चाहिए.  जैसे हवा चाहिए ही.  हवा नहीं हो मानव शरीर सुरक्षित नहीं रहेगा.

योग-संयोग न हो, ऐसा कोई स्थिति ही नहीं है.  ऐसी कोई स्थिति को हम पहचान नहीं पायेंगे जिसमे योग-संयोग न हो.

प्रश्न:  योग-संयोग के साथ-साथ प्रकृति में वियोग भी देखा जाता है.  उसका क्या प्रयोजन है?

उत्तर: वियोग का प्रयोजन है - संतुलन!  चारों अवस्थाओं के बने रहने के लिए.  जैसे - मांसाहारी जीवों का होना जंगल में जीवों के संतुलन के लिए आंकलित होता है.  आहार विधि से ही शाकाहारी और मांसाहारी जीवों में संतुलन है.  मारक (विषैली) वनस्पतियों का होना भी संतुलन के लिए आंकलित होता है.

सारक-मारक वनस्पति और शाकाहारी-मांसाहारी जीवों का प्रकटन योग-संयोग विधि से होता है.  योग-संयोग सदा रहता ही है, इसलिए घटित होता है.  योग-संयोग घटित होता है जिससे चारों अवस्थाओं में संतुलन बने रहता है.  घटना, योग और संयोग ये पूरा का पूरा चारों अवस्थाओं के बने रहने के लिए है.  यदि इस ज्ञान के आधार पर मानव विचार करता है तो उसके कार्यों का फल-परिणाम सकारात्मक होता है. 

सहअस्तित्व नित्य प्रभावी सिद्धांत के आधार पर योग-संयोग की उपलब्धता निश्चित होने पर सफलताएं होते हैं.

जैसे - धरती पर एक जलने वाला वस्तु और एक जलाने वाला वस्तु दोनों एक निश्चित मात्रा में मिलने से पानी का प्रकटन होता है.  दोनों की मात्रा में यदि घट-बढ़ होता है तो पानी नहीं होगा.  धरती पर इनकी निश्चित मात्रा को क्या कोई बनाता है?  अच्छे ढंग से इसको सोच लो!  यह एक मुद्दा पर्याप्त है अस्तित्व में योग-संयोग के महत्त्व को समझने के लिए.  सहअस्तित्व नित्य प्रभावी है इस आधार पर योग-संयोग पूर्वक ये वस्तुएं निश्चित अनुपात में बनती हैं.  सहअस्तित्व को ही चारों अवस्थाओं के स्वरूप में प्रकट होना है.  चारों अवस्थाओं के स्वरूप में प्रकट होने पर ही सहअस्तित्व का वैभव है.  इससे कम में होता नहीं है.

धरती पर चारों अवस्थाओं का प्रकटन होना है और उनका बने रहना है, इसके आधार पर धरती पर सारा योग-संयोग है.

- श्रद्धेय ए नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)