ANNOUNCEMENTS



Thursday, October 11, 2012

सच्चाई का शोध करने का स्त्रोत

भ्रमित जीवन में अन्तर्निहित अतृप्ति है।  इस कारण से किसी भी आवेश को भ्रमित मानव सतही मानसिकता में स्वीकार नहीं कर पाता है।  जैसे - लाभोंमादी आवेश, किसी जगह में इस आवेश के साथ चलते हुए, यह "सही" है - हम मान नहीं सकते।  कामोंमादी और भोगोंमादी आवेशों के साथ भी ऐसा ही है।  यह हमारे जीवन में छिपा हुआ सच्चाई का शोध करने का स्त्रोत बना हुआ है।  इस स्त्रोत के आधार पर अध्ययन पूर्वक हम इन प्रचलित उन्मादों से बच कर निकल सकते  हैं।

बुद्धि जीव चेतना के चित्रणों का दृष्टा बना रहता है, किन्तु उसको स्वीकारता नहीं है।  बुद्धि जो स्वीकारता नहीं है, वही पीड़ा है।  सर्व-मानव में पीड़ा वही है।

आदमी अपने में जो करता है, उसे कहीं न कहीं देखता ही रहता है।  क्या देखता है, क्या नहीं देखता है - उसे पता नहीं रहता किन्तु उसमे "उचित"/"अनुचित" को कहीं न कहीं ठहराता ही रहता है।  उसी में भ्रमवश हठ-धर्मियता शुरू होती है।  उसमे मानव फंस जाता है।

बुद्धि भ्रमित नहीं होती।  बुद्धि बोध की अपेक्षा में रहती है।  बुद्धि की दृष्टि चित्रण की ओर रहता है और आत्मा से प्रामाणिकता की अपेक्षा में रहता है।  प्रामाणिकता न होने से स्वयं में रिक्तता या अतृप्ति बना ही रहता है।  जीव-चेतना की सीमा में कल्पनाशीलता में जो प्रिय-हित-लाभ दृष्टियों से जीना होता है, उससे बुद्धि में बोध की वस्तु कुछ जाता ही नहीं है।  शरीर संवेदना से सम्बंधित बातें बोध की वस्तु नहीं है, इसलिए वह चित्रण से ऊपर जाता नहीं है।  उसमे चिंतन की कोई वस्तु नहीं है।  उसमे संवेदना है और  संवेदनाओं को राजी रखने की प्रवृत्ति है।


- श्रद्धेय ए नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त 2006, अमरकंटक)

Wednesday, October 10, 2012

आवर्तनशीलता: अनिवार्यता और उसका स्वरूप


  • संग्रह का तृप्ति बिंदु किसी भी देश काल में किसी एक व्यक्ति को भी नहीं मिल पाया।
  • समृद्धि सामान्य आकांक्षा और महत्त्वाकांक्षा संबंधी वस्तुओं  के आधार पर ही हो पाता है, न कि प्रतीक मुद्रा के आधार पर।
  • आवर्तनशील व्यवस्था में मानव सहज अपेक्षा रूपी समृद्धि सभी परिवारों के लिए सुलभ हो जाता है।
  • अर्थशास्त्र विधा में आवर्तनशीलता स्वयं में श्रम नियोजन और श्रम विनिमय प्रणाली, पद्दति, नीति है। 
  • समृद्धि का भाव परिवार में ही होता है।  एक परिवार समृद्ध होने के लिए एक से अधिक परिवार समृद्ध रहना अनिवार्य है।  इस क्रम में अकेले में समृद्ध होने की कल्पना और संग्रह विधि से समृद्धि की कल्पना  दोनों भ्रम सिद्ध हुआ।
  • अभाव का अभाव ही समृद्धि है।
- आवर्तनशील अर्थशास्त्र (अध्याय 4) 

Monday, October 8, 2012

आवर्तनशील अर्थशास्त्र : दार्शनिक आधार

मनुष्य ही सर्वशुभ की अपेक्षा करता है। अर्थशास्त्र का अध्ययन समाधान, समृद्धि, अभय और सह-अस्तित्व क्रम में है। समृद्धि का धारक-वाहक एक परिवार होता है। परंपरा में लाभ के बाद लाभ और भोग के बाद भोग का सम्मोहन बढ़ता आया है। इस सम्मोहन को समीक्षित करने योग्य जागृति को सुलभ करना ही इस आवर्तनशील अर्थचिंतन विचार और शास्त्र की महिमा है। आवर्तनशील अर्थव्यवस्था की क्रियाप्रणाली मनुष्य संबंधों में संतुलन के उपरान्त ही सार्थक हो पाता है। जहां-जहां तक सम्बन्ध में संतुलन नहीं है, वहां-वहां तक भ्रमवश लाभोन्माद छाया ही रहता है।

- आवर्तनशील अर्थशास्त्र 

Thursday, September 27, 2012

अखंड समाज - सार्वभौम व्यवस्था




"मैं इस बात का सत्यापन करता हूँ कि संवेदनाओं के संयमित होने से पहले धरती पर एक भी व्यक्ति "अखंड समाज - सार्वभौम व्यवस्था" को सोच नहीं पायेगा।  यदि यह बात गले से उतरता है तो संज्ञानीयता में पारंगत होने की इच्छा स्वयं में बनता है।"

- श्रद्धेय नागराज जी का जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन में उद्बोधन  (अक्टूबर 2006, कानपूर)

Saturday, September 22, 2012

अध्ययन ही एक मात्र रास्ता

ज्ञान का धारक-वाहक जीवन है, जो मानव परंपरा में प्रमाणित होता है।  भ्रमित रहते तक जीवन, शरीर को जीवन मानते हुए, आशा, विचार और इच्छा को प्रमाणित करता है।  जागृत होने पर अनुभव मूलक विधि से दसों क्रियाओं को प्रमाणित करता है।

जीवन व्यापक में संपृक्त होने से ज्ञान-संपन्न है।  ज्ञान-सम्पन्नता के कारण ही जीवन मानव परंपरा में अभी तक आशा, विचार और इच्छा (साढ़े चार क्रिया) को प्रमाणित कर दिया।  इस तरह "जीने की आशा" के अर्थ में ही आशा, विचार, इच्छा प्रोत्साहित रहे।  साढ़े पांच क्रियाएं प्रमाणित होना अभी शेष है।  जिसके लिए अनुभव होना आवश्यक है।  अनुभव के लिए अध्ययन ही एक मात्र रास्ता है।  अनुभव के लिए अध्ययन विधि से साक्षात्कार होना और अवधारणा बोध होना आवश्यक है।  जिसका मतलब है - सह-अस्तित्व को समझना और प्रमाणित करना, जीवन को समझना और प्रमाणित करना, मानवीयता पूर्ण आचरण को समझना और प्रमाणित करना।  समझना जीवन में होता है।  प्रमाणित करना मानव परंपरा में होता है।

अधिक बल और शक्ति संपन्न वस्तु कम बल और शक्ति संपन्न वस्तु के माध्यम से प्रकट होता है।  यह एक सिद्धांत है।  जीवन अधिक बल और शक्ति संपन्न वस्तु है।  शरीर (भौतिक रासायनिक रचना) कम बल और शक्ति संपन्न वस्तु है।

जीवन अक्षय बल और शक्ति संपन्न है।  जीवन गठन पूर्ण परमाणु है। इसमें कम या ज्यादा हो जाने की कोई बात ही नहीं है।  केवल सटीक होने की बात है।  जिसको गुणात्मक विकास होना कहा।  गुणात्मक विकास का मतलब है - जीव चेतना से मानव चेतना में परिवर्तन, मानव चेतना से देव चेतना में परिवर्तन, देव चेतना से दिव्य चेतना में परिवर्तन।  गुणात्मक विकास का यह क्रम है।

प्रश्न: जीवन अपने आप को कैसे पहचानता है?  

उत्तर: जीवन का अपने आप को पहचानने का मतलब है - जीवन में होने वाली क्रियाओं की पहचान होना।  उसके लिए जीवन में "मूल्यांकन प्रणाली" और "अनुभव प्रणाली" है।  मन का मूल्यांकन वृत्ति करता है, वृत्ति का मूल्यांकन चित्त करता है, चित्त का मूल्यांकन बुद्धि करता है, बुद्धि का मूल्यांकन आत्मा करता है।  मूल्यांकन   का मतलब है - सम्पूर्णतया पहचान लेना।  जैसे - मन शरीर का मूल्यांकन  करता है।  शरीर की पूरी हैसियत को पहचानता है मन!  ऐसे मन को पहचान कर स्वीकार लेता है - वृत्ति।  ऐसी वृत्ति को चित्त पहचान कर, चित्रण क्रिया उससे सहमत हो जाता है।  यहीं तक रुका है अभी तक।

प्रश्न: ऐसे में मन शरीर का क्या मूल्यांकन करता है और जीवन कैसे भ्रमित हो जाता है?

उत्तर: जीवंत शरीर में संवेदनाएं होती हैं - शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध।  मन में वह बल है जिससे वह शरीर संवेदनाओं को पहचानता है।  इसको वह ऐसा मूल्यांकन कर लेता है कि "मैं शरीर हूँ", बजाय के यह मूल्यांकन करने के कि "शरीर में संवेदनाएं हैं, मैं (जीवन) उनका दृष्टा हूँ".  मन की इस मान्यता के अनुमोदन में ही वृत्ति में विश्लेषण और चित्त में इसी मान्यता के अनुमोदन में चित्रण हो जाता है।  इस तरह वृत्ति में प्रिय-हित-लाभात्मक विचार और चित्त में प्रिय-हित-लाभात्मक चित्रण बन जाते हैं।  यह भ्रम का आधार बन जाता है।

इस तरह भ्रमित स्थिति में मन शरीर का अधिमूल्यन किया रहता है।  वृत्ति ऐसे मन का शरीर मूलक  (प्रिय-हित-लाभ) दृष्टियों से ही मूल्यांकन करती है।  चित्त ऐसी वृत्ति का शरीर मूलक चित्रणों के आधार पर ही मूल्यांकन करता है।  शरीर मूलक विधि या शरीर का प्रभाव आत्मा तक पहुँचता ही नहीं है। शरीर मूलक विधि से जीवन में चित्रण तक ही मूल्यांकन हो पाता है, अनुभव नहीं हो पाता है।

प्रश्न: जागृत स्थिति में क्या होता है?

उत्तर: जागृत स्थिति में जीवन का सारा क्रियाकलाप अनुभव से शुरू होता है, न कि मन से।  अनुभव मूलक विधि में आत्मा के अनुरूप में बुद्धि, बुद्धि के अनुरूप में चित्त, चित्त के अनुरूप में वृत्ति, और वृत्ति के अनुरूप में मन होता है।  आत्मा सह-अस्तित्व में, बुद्धि आत्मा में, चित्त बुद्धि में, वृत्ति चित्त में, और मन वृत्ति में अनुभव करता है।  शरीर मन में अनुभव नहीं करता है।  यहीं से शरीर और जीवन का भेद स्पष्ट होता है।  सम्पूर्ण जीवन में अनुभव पहुँचता है।  यही "अनुभव प्रणाली" है।  ऐसे मन के क्रियाकलाप में शरीर संवेदनाएं स्वयं स्फूर्त नियंत्रित होती हैं।  इस प्रकार शरीर के द्वारा जीवन प्रमाणित होता है।  ऐसे में वृत्ति में प्रिय-हित-लाभ दृष्टियों के स्थान पर न्याय-धर्म-सत्य दृष्टियों से तुलन होता है।  चित्त में (चिंतन क्रिया में) न्याय-धर्म-सत्य को प्रकाशित करने की विधि आ गयी। बुद्धि में न्याय-धर्म-सत्य की बोध के रूप में स्वीकृति हो गयी।  यह होने पर जीवन की दसों क्रियाएं प्रमाणित हो गयी।

जागृति पूर्वक मन शरीर का मूल्यांकन करता है कि इस शरीर के द्वारा मैं क्या कर सकता हूँ?  इसी प्रकार वृत्ति मन का, चित्त वृत्ति का, बुद्धि चित्त का, और आत्मा बुद्धि का मूल्यांकन करता है।  इस तरह "मूल्यांकन प्रणाली" और "अनुभव प्रणाली" होने पर जीवन ज्ञान पूर्ण होता है।

इस तरह "भ्रम" शरीर मूलक जीने को कहते हैं और "जागृति" जीवन मूलक जीने को कहते हैं।

ज्ञान में सभी अवस्थाओं का "स्वभाव" और "धर्म" निहित होता है।  क्रिया में "रूप" और "गुण" रहता है।  ज्ञान दृष्टि से समग्रता में देखना बनता है।

प्रश्न: ज्ञान-दृष्टि से आप क्या/कैसे  देखते हो?

उत्तर: देखने के दो भाग हैं - ज्ञान-दृष्टि से और चक्षु-दृष्टि से।  ज्ञान-दृष्टि और चक्षु-दृष्टि के संयुक्त रूप में मानव है।  ज्ञान-दृष्टि सूक्ष्म है, चक्षु-दृष्टि स्थूल है।  नियम, नियंत्रण, संतुलन, न्याय, धर्म और सत्य को पहचानना ज्ञान-दृष्टि है।  इसको ज्ञानगोचर कहते हैं।  ज्ञानगोचर से समझ ही इंगित है।  समझ का अर्थ स्वभाव और धर्म स्वरूप में सब वस्तुओं मे है।  स्वभाव और धर्म समझ में आने के बाद मानव का सह-अस्तित्व में बोध  होना बन जाता है।  उसी को हम अध्ययन विधि से ले जा रहे हैं।  अध्ययन विधि से चारों अवस्थाओं का स्वभाव और धर्म को समझाना बन गया।

ज्ञान पूर्वक ही जीवन तृप्ति हो सकती है।  जीवन तृप्ति का पहना खेप है समाधान।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अप्रैल 2008, अमरकंटक)

Friday, September 21, 2012

अध्ययन का नया आधार

अस्तित्व को समझने के लिए आधार को मानव ही प्रस्तुत करेगा।  अभी तक जिनको भी आधार मानते हैं, वे मानव द्वारा ही प्रस्तुत किये गए हैं। उन आधारों पर चलने से तथ्य कुछ मिला नहीं।  प्रचलित आधारों को छोड़ करके यह प्रस्ताव है।  मैं इस नए आधार का प्रणेता हूँ।   इसको जांचने की आवश्यकता है कि यह पूरा पड़ता है या नहीं।  जांचने का अधिकार सभी के पास है।

प्रश्न: अध्ययन का यह नया आधार क्यों आया?

उत्तर: परंपरागत आधारों पर चलने से अपराध-मुक्ति का कोई स्वरूप निकला नहीं.  परंपरागत आधार न्याय, धर्म, सत्य का लोकव्यापीकरण कर नहीं पाए.  न्याय, धर्म, सत्य के लोकव्यापीकरण और अपराध-मुक्ति के लिए यह अध्ययन का नया आधार आया है. 

- -    श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अप्रैल २००८, अमरकंटक)

Thursday, September 20, 2012

सुख, शान्ति, संतोष, आनंद

सुख, शान्ति, संतोष और आनंद चार स्थितियां हैं।   अनुभव ही इन चारों स्थितियों का आधार है।  अनुभव प्रणाली से यह होता है।  मन वृत्ति में अनुभव किया - फलतः सुख।  वृत्ति चित्त में अनुभव किया - फलतः शान्ति।  चित्त बुद्धि में अनुभव किया - फलतः संतोष।  बुद्धि आत्मा में अनुभव किया - फलतः आनंद।  सुख, शान्ति, संतोष, आनंद को "जीवन मूल्य" कहा - क्योंकि जीवन में जीवन के अनुभव होने के क्रम में ये निकल गए।

आत्मा सह-अस्तित्व में जो अनुभव करता है,  उसको "परमानंद" नाम दिया।  सुख, शान्ति, संतोष, और आनंद परमानंद की ही अभिव्यक्तियाँ हैं।  परमानंद व्यक्त होता नहीं है, पर सुख, शान्ति, संतोष और आनंद व्यक्त होता है।  इसमें से सुख समाधान से सम्बद्ध है।   व्यवहार में समाधान प्रमाणित होता है।  शान्ति समाधान-समृद्धि से सम्बद्ध है।  संतोष समाधान-समृद्धि-अभय से सम्बद्ध है।  आनंद दूसरे व्यक्ति को सत्य (सह-अस्तित्व) बोध कराने में व्यक्त होता है।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अप्रैल 2008, अमरकंटक)