ANNOUNCEMENTS



Sunday, July 5, 2009

राज-गद्दी और धर्म-गद्दी

मानव का अध्ययन करने पर पता चला - मानव को आदि-काल से कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता का अधिकार है। इसकी गवाही है - मनुष्य जंगल से गुफा में, गुफा से झोपडी में, कबीले में, गाँव में, और आज शहर तक पहुँच गया। इस बीच मनुष्य अपनी सुविधा के लिए और जंगली-जानवरों से अपने बचाव के लिए औजार तैयार किया। गाँव-कबीला बसने से पहले ही यह औजार तैयार करना हो चुका था। गाँव-कबीला बसने के बाद एक गाँव-कबीला वाले दूसरे गाँव-कबीला वालों के साथ लूट-खसोट मार-पीट करते रहे। इसमें से ही कोई "बुद्दिमान" फ़िर सुझाया होगा - सबको लूट-पाट, झगडा करने की क्या ज़रूरत है? सामान्य लोग अमन चैन से रहे; लूट-पाट और लड़ने आदि की जिम्मेदारी हम ले लेते हैं। उसी तरह "शासन" की शुरुआत हुई।

इसके मूल में यह परिकल्पना दी गयी - "ईश्वर ही मूलतः शासक है।" राजा ईश्वर का ही प्रतिनिधि है। "राजा गलती नहीं करता" - यह मान लिया। इस मान्यता के आधार पर राजा का सम्मान हुआ। राजा जो कहता है वही संविधान है - यह भी मान लिया। कुछ समय बाद पता चला यह पर्याप्त नहीं है। तो उसके बाद मंत्रियों को जोड़ लिया - मंत्रणा करने के लिए! उसके बाद सभा को जोड़ लिया।

सभा-विधि से या राजा-विधि से राज्य की सच्चाई पहचान में नहीं आयी। यह दुःख सतत बना रहा। अमन-चैन से रहने का राज-गद्दी का आश्वासन पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत राज-गद्दी अपराध-ग्रस्त हो गयी।

इसी के साथ धर्म-गद्दी तैयार हुई, जिसने आश्वासन दिया - पापी को तारने का, अज्ञानी को ज्ञानी बनाने का, और स्वार्थी को परमार्थी बनाने का। "पाप, अज्ञान-, और स्वार्थ ही आदमी को रास्ते से बे-रास्ता करता है" - यह सोचा गया। अभी तक कोई पापी के तारे होने का, अज्ञानी के ज्ञानी बनने का, और स्वार्थी के परमार्थी बनने की कोई गवाही मिलती नहीं है। इसके विपरीत धर्म-गद्दी "कीर्ति-ग्रस्त" हो गयी। धर्म-गद्दी के सारे प्रयास समुदाय-वादी अपने-पराये की दीवारों को और ऊंचा बनाने में लग गए। इस ढंग से धर्म-गद्दी से भी हम खाली हो गए हैं।

व्यवस्थित होने, और व्यवस्था में जीने की मनुष्य में सहज-अपेक्षा है। इनके लिए धर्म-गद्दी और राज्य-गद्दी के आश्वासन झूठे सिद्ध हो गए हैं। समझदारी पूर्वक मनुष्य स्वयं व्यवस्थित रहता है, और समग्र-व्यवस्था में भागीदारी करता है। मनुष्य के समझदारी संपन्न होने के लिए ही मध्यस्थ-दर्शन का प्रस्ताव है। समझदारी पूर्वक मनुष्य अखंड-समाज और सार्वभौम-व्यवस्था को प्रमाणित कर सकता है।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

Saturday, July 4, 2009

व्यापार में शोषण से मुक्ति

मानव अपने इतिहास में अपनी परिभाषा के अनुरूप मनाकार को साकार करने का काम करता ही आया। मनाकार को साकार करने को प्रमाणित करने के क्रम में सामान्याकान्क्षा (आहार, आवास, अलंकार) और महत्त्वाकांक्षा (दूर-श्रवण, दूर-दर्शन, दूर-गमन) संबन्धी वस्तुओं को जो कारीगरी विधि से बनाया, उसका व्यापार-विधि से लोकव्यापीकरण हुआ। व्यापार लाभ से जुड़ा। शोषण के बिना लाभ होता नहीं है। लाभ-प्रवृत्ति से व्यापार शोषण के लिए प्रेरित हो गया.  फलस्वरूप ज्यादा-कम की सीढियां लगती गयी। ज्यादा-कम की सीढियां संघर्ष का आधार होता गया। जिसके पास ज्यादा पैसा है, वे व्यापार करते रहे - ऐसी सोच फ़िर उभरी। यही शोषण से ग्रसित व्यापार चलते-चलते विश्व-व्यापार तक पहुँच गया। ग्राम-स्तर पर व्यापार भी शोषण-ग्रसित है। विश्व-स्तर पर व्यापार भी शोषण-ग्रसित है।

यह किसी का विरोध या किसी पर आरोप नहीं है। जो मनुष्य ने किया, और उसका जो प्रभाव हुआ - उसकी समीक्षा है।

व्यापार-कार्य में शोषण-मुक्त होना है, या नहीं? - यह सोचने का एक मुद्दा है।

"लाभ-हानि मुक्त आवर्तनशील अर्थ-व्यवस्था" सह-अस्तित्व की समझदारी के बिना स्थापित हो नहीं सकती।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

मानव का अध्ययन

अध्ययन को शुरू करने के दो छोर हैं। मनुष्य से हम अध्ययन को शुरू कर सकते हैं। दूसरे - सह-अस्तित्व से शुरू कर सकते हैं। मनुष्य से शुरू करते हैं तो मनुष्य में शरीर, और शरीर में अंग-अवयव का होना पाया जाता है। जीवंत-शरीर में पाँच ज्ञान-इन्द्रियों के आधार पर मनुष्य अनुकूलता और प्रतिकूलता को व्यक्त करता है। जब यह व्यक्त करना बंद हो जाता है, तो मृतक शरीर घोषित कर देते हैं। जीवंत-शरीर द्वारा जो कार्य होता है, उसमें जीवन की आशा का आंशिक रूप ही व्यक्त होता है। शरीर-शक्तियां जीवन-शक्तियों की अपेक्षा में नगण्य हैं। उसकी गवाही है - जीवन के शरीर से पृथक हो जाने के बाद हम शरीर को तुंरत ठिकाने लगा ही देते हैं!

"जीवन के बिना मनुष्य निरर्थक है" - यह मनुष्य में आज भी स्वीकृत है। लेकिन जीवन क्या है? - यह मनुष्य को अज्ञात है। क्या चीज है जो शरीर से पृथक होता है जो हम मनुष्य को मृतक मान लेते हैं? - यह मनुष्य को अज्ञात है।

जीवंत कैसे होना शुरू होता है, और मृत्यु कैसे होता है - यह समझना मानव का अध्ययन हुआ। जन्म और मृत्यु के बीच में जो कुछ भी होता है - वह मानव-परम्परा का काम हुआ।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

कितना नापोगे?

भौतिकवाद नाप-दण्डो को लेकर चला - उसको "विज्ञान" मान लिया। एक मीटर के अरब अंश तक नाप लेने के बाद उससे भी सूक्ष्म, खरब अंश तक नापने की जगह बना ही रहता है। दूसरे - इस सौर-मंडल के हर गृह को नाप लेने के बाद अनंत और सौर-मंडल, अनंत और गृह बचा ही रहता है। जितना नापते हैं, उससे आगे और नाप सकते हैं - यह बना ही रहता है।

कितना नापोगे? कहाँ तक नापोगे?

हमारी अपेक्षा या आशा के अनुसार हम यह तय नहीं कर पायेंगे। आशा और अपेक्षा जीवन शक्तियां हैं, जो अक्षय हैं - उनके आधार पर कितना नापना है, यह तय नहीं हो सकता। आशा जीवन में अक्षय शक्ति है। नापने का कार्य जीवन और शरीर के संयुक्त रूप में है।

समझदारी के बिना मनुष्य अपनी आवश्यकता को तय नहीं कर सकता। अपनी आवश्यकता को तय करे बिना और-और नापने की प्यास बनी ही रहेगी। भौतिकवादी विधि से आवश्यकता का ध्रुवीकरण नहीं हो सकता। आवश्यकताएं असीमित होने से सुविधा-संग्रह के लिए होड़ अवश्यम्भावी हो जाती है। उस होड़ में मनुष्य द्वारा धरती का शोषण और एक-दूसरे का शोषण भावी हो जाता है।

समझदारी पूर्वक अपनी आवश्यकता का ध्रुवीकरण होने पर ही अपने नापने की सीमा को मनुष्य तय कर सकता है। जितनी आवश्यकता है, उतना फ़िर नाप ही सकते हैं। उससे ज्यादा को नापने फ़िर हम जाते नहीं हैं।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

कार्य-ज्ञान और ज्ञान

"मनुष्य में कार्य-ज्ञान होता है।" हम कुछ भी कार्य करना सीख सकते हैं, सिखा सकते हैं - यह इस बात का प्रमाण है। यह बात मानव-परम्परा में आ चुकी है।

समय (क्रिया की अवधि) और दूरी के नाप के आधार पर कार्य का पहचान होता है। अत्याधुनिक संसार (प्रचलित-विज्ञान) ने macro और micro scale पर नापने की विधियां दी, जिससे कार्य की पहचान होती है। कार्य करने के लिए जो ज्ञान होता है, उसे "कार्य-ज्ञान" कहते हैं।

मनुष्य में कार्य-ज्ञान ही उसके कार्य करने की ऊर्जा है।

कार्य-ज्ञान के मूल में "कारण स्वरूप" में ज्ञान है। यही मूल ऊर्जा है। यही साम्य-ऊर्जा है। मनुष्य में साम्य-ऊर्जा ज्ञान स्वरूप में है। ज्ञान के आधार पर ही मनुष्य को कार्य-ज्ञान होता है। यह एक बहुत ही महिमा-संपन्न मुद्दा है। इसको आप अच्छे से डूब के समझ लो! यही स्थूल और सूक्ष्म के बीच की विभाजन रेखा है।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)

सुखी होने का ज्ञान

प्रश्न: मनुष्य को ज्ञान क्यों चाहिए?

उत्तर: सुखी होने के लिए। सुखी होने के बाद सुखी रहना बनता है। मनुष्य को सुखी होने के लिए ज्ञान की पहचान आवश्यक है, इसी आधार पर मनुष्य ज्ञान-अवस्था में है।

सुख किसी संख्या में नहीं आता। मानव द्वारा बनाए गए macro या micro किसी भी scale पर सुख को नापा नहीं जा सकता। विगत ने शब्द-संसार द्वारा सुख को लेकर जो कुछ भी बताया - उससे सुख के स्वरूप की पहचान नहीं हुआ। इस तरह आदर्शवाद और भौतिकवाद दोनों द्वारा सुख की पहचान नहीं हुई। यह यदि आपमें निर्णय हो पाता है तो आप उनके छूत से छुटोगे, नहीं तो छूत पकड़ा ही रहेगा!

"मनुष्य सुखी होना चाहता है।" - यह बात भारतीय-अध्यात्मवाद ने दिया। "इन्द्रियों में सुख की निरंतरता नहीं है।" - इस बात की भी घोषणा किया। इसके लिए हम विगत के लिए कृतज्ञ हैं। सुख किसमें होता है ? - यह पूछने पर विगत में उसको रहस्यमय बताया।

सुखी होने के ज्ञान को उजाले में बताने के लिए हम जा रहे हैं। सुख का "स्वरूप ज्ञान" जो आदर्श-वाद और भौतिक-वाद के प्रयासों से स्पष्ट नहीं हो पाया था, उसके लिए मैंने प्रयत्न किया - जिसमें मैं सफल हो गया।

मानव का अध्ययन सुखी होने के अर्थ में ही है, और कोई अर्थ में नहीं है। मानव का अध्ययन न हो - और सुख पहचान में आ जाए, यह सम्भव नहीं है।

संवेदनाओं में मनुष्य को सुख भासता है (सुख जैसा लगता है)। इससे सुख कुछ "है" - यह मनुष्य को स्वीकार हो गया। "संवेदनाओं में सुख की निरंतरता नहीं होती" - यह भी मनुष्य की पहचान में आ गया। सुख की निरंतरता कैसे हो? - यह बात मनुष्य के समझ में अभी तक नहीं आयी।

प्रश्न: सुख की निरंतरता कैसे हो?

ज्ञान, विवेक, और विज्ञान विधि से जीने पर मनुष्य में सुख की निरंतरता होती है। सह-अस्तित्व में अध्ययन पूर्वक मनुष्य का ज्ञान, विवेक, विज्ञान विधि से जीना बनता है।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित(अगस्त २००६, अमरकंटक)

Tuesday, June 30, 2009

अध्ययन की शुरुआत

हर परस्परता के बीच जो हमारी आँखों से खाली-स्थली जैसा दिखता है, वह सत्ता ही है। यह खाली नहीं है - यह ऊर्जा है। यह ऊर्जा सभी वस्तुओं में पारगामी है। पत्थर में, मिट्टी में, पानी में - सभी वस्तुओं में यह पारगामी है। एक परमाणु-अंश से लेकर इस विशाल धरती तक सभी वस्तुओं में यह पारगामी है।

वस्तुओं की ऊर्जा-सम्पन्नता ही सत्ता की पारगामीयता की गवाही है।

मानव में यह ऊर्जा-सम्पन्नता ज्ञान के रूप में होता है। यह ज्ञान है - ४ विषयों (आहार, निद्रा, भय, मैथुन) का ज्ञान, ५ संवेदनाओं (शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध) का ज्ञान, ३ ईश्नाओं (पुत्तेष्णा, वित्तेष्णा, लोकेषणा) का ज्ञान, और उपकार का ज्ञान। इन १३ शीर्षों में मनुष्य के पास ज्ञान "करने" के रूप में आता है। इन १३ शीर्षों के अलावा मनुष्य और कुछ कर भी नहीं सकता। जिसका ज्ञान होता है, वही हम कर पाते हैं। ४ विषयों का हमें ज्ञान है, इसलिए हम उन विषयों का उपयोग कर पाते हैं। ५ संवेदनाओं का हमें ज्ञान है, तभी उन संवेदनाओं को हम पहचान पाते हैं।

समझना ही ज्ञान है। ज्ञान ही मनुष्य के करने में आता है।

४ विषयों की बात जीव-संसार में "करने" के रूप में है। जीव-जानवर ४ विषयों को भोगते रहते है, उसी के अर्थ में उनकी ५ संवेदनाएं काम करती रहती हैं। जैसे - आहार विषय के लिए शेर गंध इन्द्रिय का प्रयोग करता है। मनुष्य संवेदनाओं के आधार पर विषयों को पहचानता है। जैसे - मनुष्य जीभ से अच्छा लगने के लिए आहार ढूंढता है। मनुष्य और जीव-जानवरों में यह फर्क हुआ। मनुष्य ने संवेदनाओं के आधार पर ही सर्वप्रथम ज्ञान को स्वीकारना शुरू किया।

मनुष्य ने इन्द्रियों को राजी रखने के लिए ज्ञान को स्वीकारना शुरू किया। क्यों शुरू किया? सुखी होने के लिए। मानव का अध्ययन इसी बिन्दु से शुरू होता है।

इस विधि से जब हम अध्ययन करने जाते हैं, तो यह विगत के किसी भी प्रस्ताव से जुड़ता नहीं है। विगत में हम जो कुछ भी किए - अच्छा, बुरा, खरा, खोटा - उसका screen ही ख़त्म। अध्ययन का reference यह हुआ, न कि विगत का कोई अवशेष!

विगत से आपके पास मानव-शरीर है, और भाषा (शब्द-संसार) है। और विगत का कोई पुच्छल्ला इस प्रस्ताव के अध्ययन के लिए आपको नहीं चाहिए। शब्द/भाषा विगत से है - परिभाषाएं इस प्रस्ताव की हैं। परिभाषाएं ज्ञान के अर्थ में हैं।

यहाँ से आप अध्ययन शुरू करिए।

मानव का अध्ययन में हम चलें तो पहली बात आती है - यह शब्द, स्पर्श, गंध, रूप, रस इन्द्रियों का ज्ञान किसको होता है? शरीर को यह ज्ञान होता है, या शरीर के अलावा किसी चीज़ को होता है?

विगत में ज्ञान-ज्ञाता-ज्ञेय ब्रह्म को ही बताया था। साथ ही ब्रह्म को अव्यक्त और अनिर्वचनीय बता कर रास्ता बंद कर दिया था।

उसके विकल्प में यहाँ प्रस्तावित है - ज्ञान व्यक्त है और ज्ञान वचनीय भी है। ज्ञान को हम समझ सकते हैं, और समझा भी सकते हैं। ज्ञान का मतलब ही यही है - जिसे हम समझ भी सकें, और समझा भी पाएं। ज्ञान शरीर को नहीं होता। ज्ञान जीवन को होता है। जीवन ही ज्ञाता है। इन्द्रियों से भी जो ज्ञान होता है वह जीवन को ही होता है। जीवन ही समझता है। जीवन ही जीवन को समझाता है।

प्रश्न: विगत ने हमको क्या दिया फ़िर?

उत्तर: विगत में आदर्शवाद ने हमको शब्द-ज्ञान दिया - जिसके लिए उनका धन्यवाद है। फ़िर भौतिकवाद ने हमको कार्य-ज्ञान दिया - उसके लिए उनका धन्यवाद है। इन दोनों से मनुष्य को जो ज्ञान हुआ वह पर्याप्त नहीं हुआ। कुछ और समझने की ज़रूरत बनी रही। इसकी गवाही है - धरती का बीमार होना।

धरती क्यों और कैसे बीमार हो गयी, और यह ठीक कैसे होगी - इसके लिए जो ज्ञान चाहिए वह आदर्शवाद और भौतिकवाद दोनों के पास नहीं है।

यही मध्यस्थ-दर्शन के अध्ययन का reference point है। तर्क-संगत होने के लिए, व्यवहार-संगत होने के लिए, अपने-आप का मूल्यांकन करने के लिए, और स्वयं का अध्ययन करने के लिए - यही reference point है। अध्ययन के लिए इस reference point को अपने में अच्छे से स्थिर बनाना चाहिए, वरना हम बारम्बार वही पुराने में गुड-गोबर करने लगते हैं।

इस तरह - इस विकल्प को सोचने के लिए, अध्ययन करने के लिए हमारे पास एक आधार-भूमि तैयार हुई।

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, अमरकंटक)