ANNOUNCEMENTS



Wednesday, June 17, 2009

व्यापक, साम्य-ऊर्जा, ज्ञान

अस्तित्व में व्यापक वस्तु है - जो आप हमारे बीच, और हर परस्परता के बीच दूरी के रूप में दिखाई पड़ती है। परस्परता में दूरी के रूप में जो वस्तु है, इसी में हम डूबे हैं, घिरे हैं - यह भी हमें समझ में आता है। तीसरे, इसमें सभी जड़-चैतन्य वस्तुएं भीगे हुए हैं - जिससे जड़-वस्तुएं चुम्बकीय-बल संपन्न हैं, और चैतन्य वस्तुएं ज्ञान-संपन्न हैं। कोई भी जड़ या चैतन्य ऐसी वस्तु नहीं है - जो ऊर्जा-संपन्न नहीं हो। साम्य-ऊर्जा सभी को प्राप्त है। व्यापक वस्तु ही साम्य-ऊर्जा है। इसको मैं अच्छे से समझा हूँ।

प्रश्न: व्यापक को समझने का क्या प्रयोजन है?

उत्तर: इसको समझने से व्यवस्था में जीने के लिए हम समर्थ हो जाते हैं। जब तक यह समझ में नहीं आता है, तब तक हम व्यवस्था में जियेंगे नहीं! यह शतशः सही है।

ज्ञान ज्ञानेन्द्रियों से गम्य नहीं है। नाक से यह सूंघने में नहीं आता। आँख से यह दिखाई नहीं देता। जीभ से यह चखने में नहीं आता। कान से यह सुनाई नहीं देता। त्वचा से यह छूने में नहीं आता। इन्द्रियों से जो गम्य होता भी है - वह समझ में आता है। अस्तित्व में वस्तुओं का "प्रयोजन" समझ में ही आता है। प्रयोजन आंखों में दिखता नहीं है। इन्द्रियगम्य वस्तु का प्रयोजन इन्द्रियों से गम्य नहीं है। यह केवल समझ में ही आता है। समझता जीवन ही है। समझने वाला भाग आंखों में नहीं आता।

इन्द्रियों से जीवन को सूचना मिलती है, उसको समझता जीवन ही है। जैसे - यह वस्तु गर्म है। "गर्म" को समझता कौन है? समझता जीवन ही है। इस तरह इन्द्रियगम्य वस्तुओं में भी समझने का भाग शेष रहता ही है। समझे बिना कुछ इन्द्रियगम्य हुआ, यह हम कह भी नहीं सकते। मृत शरीर में कोई गर्म-ठंडे की पहचान सिद्ध नहीं होती।

कोई वस्तु आंखों से दिखता है, पर उसको हम समझे नहीं हैं तो उसको हम देखे हैं, इसका कोई प्रमाण नहीं है।

दो बातें हुई - समझ में आया वस्तु देखने को मिलना। दूसरे - देखने में आया वस्तु समझने को मिलना।

इन्द्रिय-गम्य वस्तुएं हमको देखने के बाद समझ में आता है। जो वास्तविकताएं इन्द्रियगम्य नहीं हैं - वे हमको समझने के बाद देखने को मिलता है। जैसे - व्यापक वस्तु को आप समझ गए तो आप-हमारे बीच की दूरी के रूप में वह आपको दिख गयी। यदि आप व्यापक वस्तु को समझे नहीं है, तो वह आप हमारे बीच दूरी के रूप में है - यह आपसे सत्यापित करना बनेगा नहीं!

प्रश्न: आपने बता दिया, अब हम भी बोल सकते हैं कि व्यापक वस्तु ऐसा है!

उत्तर: आप बोल अवश्य सकते हैं, पर बिना आप उसको समझे समझा नहीं पायेंगे! इस बात पर जितने प्रश्न बन सकते हैं, उनका सामना करना अनुभव के बिना बनेगा नहीं! व्यापक वस्तु पारगामी है, यह समझाना तभी बनेगा जब व्यापक में अनुभव किया हो। यह वैसे ही है - कोई वस्तु खट्टा है, यह दूसरे को समझाना आपसे तभी बनेगा जब आपने स्वयं उसको चखा हो। व्यापक को हम अनुभव के स्तर पर समझते हैं, और उसमें सुख पाते हैं। हम स्वयं व्यापक में डूबे हैं, भीगे हैं, घिरे हैं - इसका पहला सुख यही है।

मानव में ऊर्जा ज्ञान-सम्पन्नता के रूप में समझ आती है। ज्ञान हमको व्यापक वस्तु के रूप में प्राप्त है।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित

स्वराज्य का मतलब है - स्वयं का वैभव

स्वराज्य का मतलब है - स्वयं का वैभव। राज्य का मतलब है - वैभव। हर मनुष्य का वैभव जब व्यवस्था के रूप में प्रकट होता है - वही स्वराज्य है। हर व्यक्ति का वैभव जब स्वत्व (समझदारी) और स्वतंत्रता के रूप में होता है - तभी स्वराज्य है। नियम, नियंत्रण, संतुलन, न्याय, धर्म, और सत्य - ये ६ स्तर का काम है। कम से कम न्याय पूर्वक जीने में मनुष्य का वैभव है। न्याय पूर्वक जीने में नियम, नियंत्रण, संतुलन पूर्वक जीना समाहित रहता है। संज्ञानीयता पूर्वक संवेदनाएं अपने आप से नियंत्रित रहते हैं।

अभी तक माना गया था - राजा के अनुसार चलने से स्वराज्य होता है। "राजा गलती नहीं करता" - यहाँ से शुरू किए। राजा को अय्याश के रूप में लोग देखे - तो लोग उसको नकार दिए। फ़िर गुरु के अनुसार चलने से स्वराज्य होता है - माना गया। गुरु को स्वयं प्रमाण स्वरूप में न पा कर लोग उसको भी नकार दिए। उसके बाद - सभा के अनुसार चलने से स्वराज्य होता है, यह माना गया। सभा में सभी प्रकार के अपराधों को वैध मानने के कार्यक्रमों में लोग लगे हैं। ये तीन लहरें तो गुजर चुकी। इन तीन प्रकार से मनुष्य ने अपने को अर्पित करके देख लिया - पर उससे स्वराज्य मिला नहीं। हर व्यक्ति का वैभव दिखा नहीं।

प्रश्न: राजा से हुआ नहीं, गुरु से हुआ नहीं, सभा से हो नहीं पा रहा है - फ़िर स्वराज्य कैसे होगा?

उत्तर: परिवार से होगा। परिवार में सभी समझदार हों, परस्परता में संबंधों को पहचानते हों, मूल्यों का निर्वाह करते हों, मूल्यांकन करते हों, उभय-तृप्ति पाते हों - इस प्रकार न्याय पूर्वक रहते हों। जब तक परिवार-जन मूल्यों को प्रमाणित नहीं करते, तब तक वे एक छत के नीचे "रह" सकते हैं पर "जी" रहे हैं - यह प्रमाणित नहीं होता। साथ में रहने मात्र से स्वराज्य प्रमाणित नहीं होता। "जीने" में ज्ञान ही आधार है, मूल्य ही आधार है, समाधान ही आधार है - और कोई आधार नहीं है। ज्ञान-आधार पर परिवार होने पर परिवार-जन परस्पर सहमति से कार्य करते हैं, परस्पर सहमति से प्रतिफल पाते हैं, परस्पर-सहमति से उपयोग करते हैं। इस तरह सह-अस्तित्व विधि से हम अच्छी तरह जी पाते हैं। इस तरह सह-अस्तित्व पूर्वक जी पाने पर मानव के स्वराज्य की शुरुआत हुआ। १० समझदार व्यक्तियों से गठित परिवार स्वराज्य का प्रथम सोपान समाधान-सम्रिध्ही पूर्वक जी कर प्रमाणित करता है। ऐसे १० परिवार मिल कर परिवार-समूह स्वराज्य-व्यवस्था को प्रमाणित करते हैं। इस तरीके से १० सोपान तक चल कर हम विश्व-परिवार व्यवस्था तक पहुँच जाते हैं। इसी का नाम है - "परिवार मूलक स्वराज्य व्यवस्था"।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित

समझदारी के बाद स्वतंत्रता है

"स्वतंत्रता" शब्द से भास् होता है - मनुष्य ऐसा भी कर सकता है, तैसा भी कर सकता है। इस तरह मनमानी करने को स्वतंत्रता मान लिया गया है।

प्रश्न: स्वतंत्रता वास्तव में क्या है?

उत्तर: समझदारी के बाद उत्तरोत्तर और अच्छा करने के बारे में ही सोचना ही स्वतंत्रता है। उत्तरोत्तर और अच्छा सोचने की जो हमारी ताकत है, वही स्वतंत्रता है। यह उपकार के साथ जुडी रहती है। इस तरह अच्छे से, और अच्छा, और अच्छे से और ज्यादा अच्छा चलने की जो गति है - उसको हम कहते हैं "अभ्युदय"। अभ्युदय का तात्विक अर्थ है - सर्वतोमुखी समाधान। स्वतंत्रता का वैभव अभ्युदय में है।

हमारे देश में १९४७ में जो राजनैतिक स्वतंत्रता प्राप्त हुई थी, उसने कहाँ पहुँचा दिया? हर गलती करने में स्वतन्त्र! सभी को गलती करने की स्वतंत्रता प्राप्त हुई। सभी व्यक्ति अपराधी होने पर समाज का क्या होगा? इससे आदमी दुःख, कठिनाइयाँ जो भोगेगा, उसे फ़िर भी सह लो - पर धरती जो बीमार हो गयी, तो आगे पीढी कहाँ रहेगा? हमने तो मजा मार लिया, आगे पीढी के लिए वीरानी छोड़ कर! इस अभिशाप के तो हम योग्य हो ही चुके हैं। मनुष्य के कृत्यों के आधार पर ही यह धरती बीमार हुई है।

कृत-कारित-अनुमोदित भेदों से हर व्यक्ति धरती के साथ होने वाले अपराधों से जुड़ा ही है। राज्य में रहने वाला हर व्यक्ति राजनैतिक-अपराध से जुड़ा ही है। धर्म-नैतिक अपराध - उस समुदाय से जुड़ा हर आदमी उस में भागीदार है ही। आर्थिक अपराध - उस संस्थान का हर आदमी उससे जुड़ा ही है। इस धरती का बीमार होना इस धरती पर रहने वाले ७०० करोड़ आदमियों के अपराध का फलन है।

यही ७०० करोड़ आदमी अपराध-मुक्त होने पर यह धरती अपने आप में संभल सकता है। ऐसा मेरा विश्वास है। इसी आधार पर आपके सम्मुख मैं प्रस्तुत हो रहा हूँ। कहाँ तक आप समझ पायेंगे, सार्थक हो पायेंगे, उपकार कर पायेंगे - यह आपके संकल्प पर ही निर्भर है। "आप यही करिए!!" - मैं आपको ऐसा नहीं कहता हूँ। समझने का अधिकार आपके पास है। अपनी समझी हुई बात को मैं आपके सम्मुख अनुनय-विनय ही करूंगा। यदि यह आपको स्वीकार होता है तो आप स्वयं तौलिये, ऐसे जीना है कि नहीं? समझदारी पूर्वक जीने की आपकी इच्छा होता है तो आप प्रमाणित होंगे ही! प्रमाणित होने के क्रम में आप भी उपकार ही करेंगे।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित

स्वत्व समझ ही है.

हर मनुष्य में "स्वत्व" समझदारी के रूप में समीचीन है। समझदारी या तो प्रमाण के रूप में आ गया है, या फ़िर समीचीन है। समीचीन का मतलब निकटवर्ती है। समझदारी प्राप्त करने का अवसर हर मनुष्य के लिए हमेशा बना ही रहता है। समझदार होने का अवसर मनुष्य के पास आदिकाल से है, आज भी है, आगे भी रहेगा। यदि यह मिलने वाला नहीं होता तो हम उसकी आशा भी नहीं कर सकते थे। जिसको हम आशा ही नहीं कर सकते, वह हमको मिल भी नहीं सकता। जो मिल सकता है, उसी के प्रति हम आशा करते हैं। आप-हम जो यहाँ बैठे हैं, सबके साथ ऐसा ही है। आप हम सभी यह आशा करते हैं - "स्वत्व" हमको समझ में आए।

समझदारी स्वत्व है। समझदारी मानव-परम्परा के लिए शाश्वत स्वत्व है। समझदारी एक बार आने के बाद सदा-सदा के लिए रहता है, उससे फ़िर विलागीकरण नहीं होता। अभी तक स्वत्व किसको मानते रहे? कुछ चोरी करके घर ले आए - उसको स्वत्व मानते रहे। कुछ प्रतिफल के रूप में मिल गया - उसको स्वत्व मान लिया। प्रतिफल, पारितोष, और पुरस्कार के रूप में हम जो कुछ भी पाते हैं, वह स्वत्व के रूप में रहता नहीं है। वह अंततोगत्वा हस्तांतरित हो ही जाता है। अभी तक किसी भी आदमी के पास कोई भौतिक-वस्तु स्वत्व के रूप में स्थिर होता हुआ देखने को नही मिला। आज यदि वस्तु पास में है, कल उससे वियोग होता ही है। बड़े-बड़े धनाढ्य घरानों में भी एकत्रित किया गया धन एक दिन दूसरे को हस्तांतरित हो ही जाता है। यह तो सभी जानते हैं, शरीर छोड़ने के बाद ये जो भौतिक-रासायनिक वस्तुएं हैं, वे धरती के साथ ही चिपकी रहती हैं। मरे हुए व्यक्ति के साथ भागती नहीं हैं! इसको आप-हम देखते ही हैं। यह देखने पर हम यह निर्णय ले सकते हैं - भौतिक-रासायनिक वस्तुएं हमारा "स्वत्व" नहीं हो सकती। इनसे वियोग हो कर ही रहेगा। इनका उपयोग हो कर रहेगा। ये बंट कर ही रहेंगी। ये खर्च हो कर ही रहेंगी।

शरीर स्वत्व नहीं है। सदा के लिए जो काम ही न कर सके, उसे स्वत्व कैसे कहें? शरीर को स्वत्व के रूप में हम पहचान नहीं पायेंगे। शरीर एक आगंतुक उपलब्धि है, संयोग है। जब तक शरीर स्वस्थ रहता है तब तक संसार में समझदारी को हम व्यक्त करेंगे - जीवन में ऐसा संकल्प होना ही समझदारी का मतलब है।

यह निर्णय लेने पर हम इस बात पर आ सकते हैं, समझदारी ही हमारा स्वत्व हो सकती है। इससे अधिक स्वत्व के रूप में तो और कुछ हो नहीं सकता। इससे कम में हमारा काम नहीं चल सकता।

समझदारी अपने में परिपूर्ण होना पाया जाता है। सह-अस्तित्व स्वरूपी अस्तित्व दर्शन हमको पूर्णतया समझ में आने पर हम "समझदार" हुए। जीवन-ज्ञान पूर्णतया समझ में आने पर हम समझदार हुए। ऐसी समझदारी स्वत्व के रूप में शरीर रहते हुए भी रहता है, शरीर के बाद भी रहता है, पुनः मानव-परम्परा में शरीर लेने पर भी साथ रहता है। इस स्वत्व की आवश्यकता है या नहीं, इसको आप हम को मिल कर तय करना है। यदि मानव-परम्परा को धरती पर बने रहना है तो इसके लिए सर्व-सम्मति और सर्व-स्वीकृति की आवश्यकता बनती है। जिसको हम स्वीकार लेते हैं, उसके लिए हम प्रयत्न भी करते हैं। जिसको हम स्वीकारते नहीं हैं - उसके लिए हम कुछ भी प्रयत्न नहीं करते। सर्व-मानव में यह गुण है - जिसको वह आवश्यक मान लेता है, उसके लिए जी-जान लगाता ही है। जिसको वह आवश्यक नहीं मानता - उसकी तरफ़ देखने तक नहीं जाता।

समझदारी रुपी "स्वत्व" को पाने के लिए बहुत सारी विधियां, उपाय मानव-परम्परा में सुझाए गए हैं। पर अंततोगत्वा वे समझदारी रुपी स्वत्व को पाये नहीं! ऐसा मैं किस आधार पर कहता हूँ? क्योंकि अभी तक यह शिक्षा विधि से आया नहीं है। प्रचलित व्यवस्था स्वत्व को पहचाना नहीं है। इन दो गवाहियों के आधार पर मैं कहता हूँ - "अभी तक मानव-परम्परा में समझदारी आया नहीं है।" मेरा यह कथन आपको कठोर लग सकता है, एक हकीकत भी लग सकता है। मेरा इसमें आग्रह यही है - सच्चाई को यथावत स्वीकारा जाए। उसको ज्यादा भी न किया जाए, कम भी न किया जाए।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित

समझदारी की तीन धाराएं

सह-अस्तित्व स्वरूपी अस्तित्व को समझना, जीवन को समझना, और मानवीयता पूर्ण आचरण को समझना - इस तरह समझदारी की तीन धाराओं को मैं पहचाना हूँ। मैं इनको पूर्णतया समझा हूँ, पारंगत हूँ, जिया हूँ, जीता हूँ, आपको समझा सकता हूँ। ये तीनो धाराएं स्वयं में एकत्र होने पर समझदारी के प्रति हमारी तृप्ति होना बन जाती है। समझदारी के अनुरूप सोच-विचार, योजना, कार्य-योजना, फल-परिणाम निरंतर बना रहता है - अर्थात समाधान निरंतर बना रहता है। इसलिए मैं तृप्त रहता हूँ। मेरा विश्वास है आप सभी तृप्त होने के अर्थ में ही हैं। कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जो तृप्त नहीं होना चाहता हो। सर्व-मानव आबाल-वृद्ध तृप्त होना ही चाहते हैं।

समझदार हुए बिना मनुष्य को तृप्ति नहीं है।

समझदार आदमी गलती नहीं करता। गलती करता है तो समझदार नहीं है। समझा नहीं है, इसी लिए गलती किया - यहाँ पहुँचते हैं। उनको समझाने की अर्हता समझे हुए व्यक्ति में रहता ही है। गलती का सुधार ही "दंड" है। दंड का मतलब है - सुधार। दंड का मतलब यंत्रणा नहीं है। मेरा विश्वास है यह सदबुद्धि हरेक व्यक्ति में उपज सकता है। यदि ऐसा सदबुद्धि सबमें उपज जाए, तो धरती पर संकट कहाँ है? सदा-सदा समाधान ही रहेगा। यह मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूँ। अभी भरोसा दिलाना ही बनता है। आपके-हमारे अथक प्रयास से इस प्रस्ताव को शिक्षा-विधा में और व्यवस्था-विधा में प्रकट करना आवश्यक है। व्यवस्था और शिक्षा में यह प्रस्ताव आए बिना यह सर्व-सुलभ होगा, ऐसा मैं नहीं मानता।

अभी परंपरागत शिक्षा में सह-अस्तित्व स्वरूपी सत्य को समझाने की कोई गुंजाइश नहीं है। इस शिक्षा में जीवन को समझाने का कोई प्रावधान नहीं है। अभी की शिक्षा में शरीर को ही जीवन मानते हैं। जब तक शरीर संवेदनाओं को व्यक्त करता है, उसको जीवन मानते हैं। जब शरीर संवेदनाओं को व्यक्त नहीं करता है - उसको मृत्यु मानते हैं। इतना ही परम्परा में अभी तक ज्ञान है, इससे अधिक हुआ नहीं।

धरती पर ७०० करोड़ लोगों के पास सह-अस्तित्व वाद का यह प्रस्ताव शिक्षा-विधि से ही पहुंचेगा। शिक्षा के ढाँचे-खांचे में इस वस्तु को बहाने की आवश्यकता है। मैं सामान्य व्यक्ति हूँ, इस बात को मैंने अपने ढंग से प्रस्तुत किया है। इसको आप और अच्छे ढंग से प्रस्तुत करेंगे - ऐसा मेरा विश्वास बना हुआ है।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित

Monday, June 15, 2009

हर मनुष्य में अनुभव करने का माद्दा है

अनुभव = अनुक्रम से होना-रहना

मैंने जो भी प्रस्तुत किया है वह अनुभव-मूलक विधि से किया है। मेरा विश्वास है - हर व्यक्ति में अनुभव करने का माद्दा है।

विगत में कहा था - "अनुभव को बताया नहीं जा सकता"। मैं कह रहा हूँ - अनुभव को ही ठोक-बजाऊ तरीके से बताया जा सकता है। शानदारी से यदि कुछ बताया जा सकता है तो वह अनुभव ही है। दूसरा कुछ भी शानदारी से नहीं बताया जा सकता।

अनुभव के लिए मेरे बुजुर्गों ने जैसा मेरा मार्ग-दर्शन किया था वैसे मैंने प्रयत्न किया। समाधि तक भी पहुंचे। समाधि में जब अज्ञात ज्ञात नहीं हुआ तब मैंने संयम किया। संयम के बारे में पंतांजलि योग-सूत्र में लिखा है - "धारणा ध्यान समाधिः त्रयामेकत्रवा संयमः"। विभूतिपाद में जो संयम के फल-परिणाम के बारे में लिखा है, उससे मुझे लगा वह केवल सिद्धि प्राप्त करने के लिए है, उससे कोई अज्ञात ज्ञात नहीं होगा। वह सब अप्राप्त को प्राप्त करने के लिए है - ऐसा मुझे लगा। "समाधि के बाद अप्राप्त को प्राप्त करने की इच्छा कैसे रह गयी? यदि रह गयी तो समाधि कैसे हुआ, माना जाए?" - यह प्रश्न मुझ में हुआ। मैंने पंतांजलि द्वारा बताये गए सूत्र को उलटाया और इन तीनो स्थितियों को विपरीत क्रम में रखा - समाधि, ध्यान, फ़िर धारणा। यह योग में गंभीर रूप से जुड़े लोगों के लिए एक बहुत ही मूल्यवान सूचना हो सकती है।

इस तरह जब मैंने संयम किया तो समग्र अस्तित्व मेरे अध्ययन में आ गया। जो मैंने अध्ययन किया वही आपके अध्ययन के लिए दर्शन-वाद-शास्त्र के रूप में "सूचना" प्रस्तुत कर दिया। समझना और समझाना मानव से ही होगा। किताब से समझना होगा नहीं। किताब से सूचनाएं मिलती हैं।

"अनुभव से अनुभव के लिए प्रेरणा दी जा सकती है।" यह जब मैं निर्णय कर पाया तो अनुभवगामी पद्दति बनी। पहले के अनुसार भी मैं कह सकता था - सब लोग समाधि करो, संयम करके ज्ञान हासिल करो। अनुभवगामी पद्दति ही अध्ययन विधि है। अनुभव-मूलक विधि से जो कुछ भी बताते हैं, उसका अर्थ बोध होने तक अध्ययन है। अध्ययन शब्द का मतलब इतना ही है। आचरण से लेकर दर्शन तक, और दर्शन से लेकर आचरण तक अध्ययन कराने की व्यवस्था दी। भाषा परम्परा की है। परिभाषाएं मैंने दी हैं। परिभाषा के अनुसार अध्ययन करने पर लोगों को बोध होगा। हर मनुष्य में अनुभव करने का माद्दा है। यह मानव का पुण्य रहा, मानव-जाति का अपेक्षा रहा, चिर-कालीन तृषा रहा - ऐसा मैं मानता हूँ।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित।

स्वत्व, स्वतंत्रता, स्वराज्य

"स्वत्व", "स्वतंत्रता", और "स्वराज्य" - ये तीन शब्द हम हमारे देश में बड़े समय से सुनते आए हैं। पर ये वास्तविकता में हैं क्या - यह समझ में किसी के भूंजी-भांग नहीं आया! हमारे देश में ६० वर्ष पहले स्वतंत्रता की बात सार्थक हुई, माना गया था। किंतु आज जब मैं ८७ वर्ष में चल रहा हूँ, मुझे समझ नहीं आता हम १९४७ में क्या स्वतंत्रता पाये? क्या स्वराज्य पाये? क्या स्वत्व के रूप में मिला? आपको यदि समझ में आता हो तो मुझे समझाइये! यदि आपको भी यह समझ में नहीं आता हो, तो मैं जो अनुसंधान किया हूँ, सह-अस्तित्व को देखा हूँ, सह-अस्तित्व में जिया हूँ, जिससे मुझे स्वत्व, स्वतंत्रता, और स्वराज्य का अर्थ समझ में आया - उसको आप परिशीलन करके देखिये। सह-अस्तित्व के बारे में मेरा विश्वास सोलह आना है। इसी आधार पर मैं यह कामना करता हूँ - आप में भी सह-अस्तित्व के प्रति पूर्ण विश्वास हो। आप में ऐसी अर्हता आए जिससे आप स्वत्व को भी समझ सकते हैं, स्वतंत्रता को भी समझ सकते हैं, स्वराज्य को भी समझ सकते हैं। यह आप के ऊपर कोई आरोपण नहीं है। आपकी इच्छा हो तो आप इसको समझ सकते हैं।

सह-अस्तित्व समझ में आए बिना न स्वत्व समझ में आएगा, न स्वतंत्रता समझ में आएगा, और स्वराज्य समझ में आना तो दूर की बात है।

अभी परंपरागत शिक्षा में सह-अस्तित्व स्वरूपी सत्य को समझाने की कोई गुंजाइश नहीं है। इस शिक्षा में जीवन को समझाने का कोई प्रावधान नहीं है। अभी की शिक्षा में शरीर को ही जीवन मानते हैं। जब तक शरीर संवेदनाओं को व्यक्त करता है, उसको जीवन मानते हैं। जब शरीर संवेदनाओं को व्यक्त नहीं करता है - उसको मृत्यु मानते हैं। इतना ही परम्परा में अभी तक ज्ञान है, इससे अधिक हुआ नहीं। सह-अस्तित्व स्वरूपी अस्तित्व के ज्ञान को मैं पूर्णतया समझा हूँ, मैं पारंगत हूँ, आपको समझा सकता हूँ।

- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित