This blog is for Study of Madhyasth Darshan (Jeevan Vidya) propounded by Shree A. Nagraj, Amarkantak. (श्री ए. नागराज द्वारा प्रतिपादित मध्यस्थ-दर्शन सह-अस्तित्व-वाद के अध्ययन के लिए)
ANNOUNCEMENTS
Monday, June 15, 2009
सर्व-शुभ में जीने का मतलब
मानव-चेतना पूर्वक ही मनुष्य के सुख-पूर्वक जीने की व्यवस्था है। जीव-चेतना पूर्वक मानव के सुख-पूर्वक जीने की व्यवस्था नहीं है। जीवों को देखने पर पता चलता है - जीव-जानवर अपनी अपनी जाति के साथ व्यवस्था में जी लेते हैं। मनुष्य को देखते हैं तो पता चलता है, हम कुछ भी व्यवस्था में नहीं जी पा रहे हैं। "मनुष्य जीवों से भिन्न है, और मानव-जाति एक है" - यह हमें पहचान नहीं हुई है। हमको मानवत्व पूर्वक जीने के लिए आवश्यक ज्ञान की पहचान नहीं हुई है। न ही हमें मानवत्व पूर्वक जीने की व्यवस्था के स्वरूप की पहचान है। फ़िर भी हम जी रहे हैं, यंत्रणा को भुगत रहे हैं। इसमें जो मनुष्य के साथ यंत्रणा गुजरी वह कोई उतनी महत्त्वपूर्ण बात नहीं है। सबसे बड़ी बात है - धरती का बीमार होना। धरती के बीमार होने पर अब सदबुद्धि का प्रयोग करने की आवश्यकता आ गयी है।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६ कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित
Thursday, June 11, 2009
आदर्शवाद का विकल्प
सत्य समझ में आने के बाद पता चलता है - "सह-अस्तित्व स्वरूपी सत्य से मुक्त कोई वस्तु है ही नहीं।" यह आदर्शवादी विचारधारा से भिन्न बात है - जिसमें कहा सत्य अलग ही रहता है, जगत अलग ही रहता है। सत्य को "खोजने" की अभ्यास, तप विधियां बता दी। सत्य को जगत से अलग ही बता दिया - उसी में उनके हाथ-पैर टूट गए। "सत्य जगत से अलग ही कोई चीज है" - कोई इस बात को समझा नहीं पाता है, न प्रमाणित कर पाता है। केवल इसको "कहने" मात्र से यह प्रभावित होता नहीं है।
आदर्शवाद ने संवेदनाओं को समाप्त करने के लिए बहुत सारे उपदेश, और अभ्यास-विधियां बताई गयी। समाधि से पहले कोई संवेदनाएं नियंत्रित होती नहीं हैं। समाधि सबको मिलने वाला नहीं है। इस तरह सबके लिए संवेदनाएं नियंत्रित होने के लिए कोई उत्तर आदर्शवाद के पास नहीं है। इसीलिए हम अराजकता के शिकार हो गए। काफी क्षत-विक्षत हो चुके हैं।
पहले इन आदर्शवादी भाषणों के प्रति लोगो की आस्थाएं होती थी। अब आस्था होती नहीं है। अब उन भाषणों पर प्रश्न करना बनता है। "इसको कैसे प्रमाणित किया जाए? इसको कैसे समझा जाए?" असभ्य तरीके से भी लोग प्रश्न करते हैं - "यह तो बकवास है, इसका रोटी-कपड़ा-मकान से कोई लेन-देन नहीं है।" ये दोनों ध्वनियां हम सुनते ही हैं। आज के समय में आस्थावाद स्थापित होने वाला नहीं है। प्रमाण ही स्थापित होगा। प्रमाण के लिए आपको अपनी सौजन्यता का प्रयोग करना पड़ेगा। प्रमाण के लिए आपकी सौजन्यता ही जिम्मेदार है, और कोई जिम्मेदार नहीं है।
सत्य को समझना = सह-अस्तित्व स्वरूपी अस्तित्व को समझना। अस्तित्व क्यों है, और कैसा है - यह समझ में आना। कैसा है? - का स्वरूप आपको बताया। क्यों है? - का उत्तर है, प्रकट होने के लिए है। विगत में आदर्शवाद ने कहा था - "ब्रह्म से सब प्रकट है।" यहाँ कह रहे हैं - "ब्रह्म में सब प्रकट है।" व्याकरण-विधि से देखें तो ज्यादा दूर नहीं हैं - बस "में" और "से" का फर्क है। ब्रह्म में सब प्रकट है - इससे "सम्पृक्तता" इंगित है। सम्पृक्तता का मतलब है - जगत डूबा है, भीगा है, घिरा है।
सत्य को जो मैं समझा उसको समझाने के लिए मैंने भाषा का प्रयोग किया। भाषा परम्परा की है। परिभाषाएं मैंने दी हैं। जैसे - "धर्म" एक शब्द है। उसके लिए विगत में आदर्शवाद ने परिभाषा दिया - "धार्यतेति सः धर्मः"। "धारणा" का व्याख्या देते हुए कहा - जिसको पहना जा सकता है, ओढा जा सकता है, उतारा भी जा सकता है। गीता में भी कहा गया है - "सर्वधर्मान परिताज्या मामेकम शरणम रजा"। मतलब - सभी धर्मो को त्याग दो! इस ढंग से हम कहाँ पहुँच गए? धर्म को पहना भी जा सकता है, ओढा भी जा सकता है, और उतारा भी जा सकता है! इसका मतलब - "धर्मान्तरण" हो सकता है! अभी जो "धर्मान्तरण" हो रहा है - उसका आधार यही है।
धर्म वास्तव में क्या है? जिससे जिसका विलगीकरण न हो, वही उसका धर्म है। पदार्थावस्था अस्तित्व-धर्मी है। प्राणावस्था अस्तित्व-सहित पुष्टि धर्मी है। जीवावस्था अस्तित्व-पुष्टि सहित आशा-धर्मी है। मानव ज्ञान-अवस्था में होते हुए, अस्तित्व-पुष्टि-आशा सहित सुख-धर्मी है। सुख की अपेक्षा से मानव को अलग नहीं किया जा सकता।
समाधान = सुख। समाधान कैसे होता है? ज्ञान के अनुरूप फल-परिणाम होने पर समाधान होता है। यह अखंड-समाज सार्वभौम व्यवस्था सूत्र-व्याख्या में जीने से होता है।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित।
सह-अस्तित्व परम सत्य है
व्यापक में संपृक्त प्रकृति अस्तित्व-समग्र है। व्यापक में सम्पूर्ण प्रकृति डूबी, भीगी, घिरी है। व्यापक वस्तु को आप "ईश्वर" नाम दे सकते हैं, यदि इच्छा हो तो! मूल सत्ता यही है। मूल ऊर्जा यही है। जड़ प्रकृति में यही ऊर्जा-सम्पन्नता चुम्बकीय-बल के रूप में प्रमाणित है। मानव में यही ऊर्जा ज्ञान के रूप में प्रमाणित है। जीव-जानवरों में यही ऊर्जा "जीने की आशा" के रूप में प्रमाणित है। वनस्पतियों में यही ऊर्जा "पुष्टि" के रूप में प्रमाणित है। इस तरह ऊर्जा-सम्पन्नता "धर्म" के रूप में प्रकृति की हर वस्तु से अविभाज्य है।
मनुष्य को अपने ज्ञान पर विश्वास करने के लिए "सत्य" को पहचानना होगा।
सह-अस्तित्व परम सत्य है। व्यापक वस्तु में जड़-चैतन्य वस्तु संपृक्त है। प्रकृति तीन तरह की क्रियाओं के स्वरूप में है - भौतिक क्रिया, रासायनिक क्रिया, और जीवन क्रिया। इन तीन प्रकार की क्रियाओं के जोड़-जुगाड़ से चार अवस्थाएं प्रकट हुई हैं - पदार्थावस्था, प्राणावस्था, जीवावस्था, और ज्ञानावस्था। ज्ञानावस्था में मानव है। मानव समझने वाली इकाई है। जीव-जानवर समझने वाली इकाई नहीं है। जीव-जानवर अपने वंश के अनुसार व्यवस्था में जीते हैं। पेड़-पौधे बीज के अनुसार व्यवस्था में जीते हैं। पदार्थ-संसार परिणाम के अनुसार व्यवस्था में है। इस तरह मनुष्येत्तर (मनुष्य को छोड़ कर) सभी अवस्थाएं अपने त्व-सहित व्यवस्था में हैं। मानव भी मानवत्व के साथ व्यवस्था में रह सकता है। मूल मुद्दा यही है।
मनुष्य में कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता मौलिक है। इसी के कारण वह दौड़ता है। दौड़ते-दौड़ते थक-थकाकर कहीं बैठ जाता है। अब यहाँ कह रहे हैं - "थकें नहीं! इस कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता को सत्य को समझने के लिए उपयोग करें।" सत्य को मैंने पहचाना है, आप भी पहचान सकते हैं। सह-अस्तित्व-वादी विचार में आप पारंगत हो सकते हैं। मैं सह-अस्तित्व-वादी विचार के अनुरूप जिया हूँ, जीता हूँ, आप भी जी सकते हैं।
सत्य समझ में आने पर पता चलता है - "सह-अस्तित्व स्वरूपी सत्य से मुक्त कोई वस्तु है ही नहीं!"
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित
Wednesday, June 10, 2009
अध्ययन और अभ्यास
शब्द के अर्थ को समझना अध्ययन है। शब्द को सुना, उसको उच्चारण किया - वह कोई अध्ययन नहीं है। शब्द से अर्थ इंगित होता है। अर्थ अस्तित्व में वस्तु है। वस्तु समझ में आया - मतलब अध्ययन किया। शब्द को उच्चारण भर किया, मतलब पठन किया। अध्ययन है - शब्द के अर्थ को अस्तित्व में वस्तु के स्वरूप में पहचानना।
"सत्य", "धर्म", "न्याय", "नियम", "नियंत्रण", "संतुलन" शब्द हैं - इनसे इंगित वास्तविकताओं को हमें पहचानना ही पड़ेगा। हम यदि वस्तु को पहचानते हैं, उसका मूल्यांकन कर पाते हैं - तभी उसका सम्मान करना हमसे बन पायेगा। यदि सत्य को हम वास्तिविकता रूप में नहीं पहचानते हैं, उसका मूल्यांकन नहीं कर पाते हैं, तो उसका सम्मान करना हमसे बनेगा नहीं। "सत्य" शब्द का उच्चारण करने से सत्य का सम्मान करना बनेगा नहीं।
अनुभवगामी पद्दति ही अध्ययन-विधि है। हम जो कुछ भी शब्द बताते हैं, उसका अर्थ-बोध होते तक अध्ययन है। "अध्ययन" शब्द का मतलब इतना ही है। आचरण से लेकर दर्शन तक, और दर्शन से लेकर आचरण तक अध्ययन कराने की व्यवस्था दी है। भाषा परम्परा की है। परिभाषाएं मैंने दी हैं। परिभाषा के अनुसार अध्ययन कराने से लोगों को बोध होगा। यह मानव-जाति का पुण्य रहा, मानव-जाति का अपेक्षा रहा, चिर-कालीन तृषा रहा - ऐसा मैं मानता हूँ।
अभ्यास का मतलब है :- अध्ययन पूर्वक वस्तु को जो पहचान लिया - उसका उपयोग करना, संरक्षण करना, उससे तृप्ति पाना। जैसे - पानी को हमने पहचान लिया - अब उसको उपयोग करना, संरक्षण करना, उससे तृप्ति पाना। उसी तरह अध्ययन पूर्वक सत्य को पहचान लिया, उसके बाद सत्य में जीना अभ्यास है। अध्ययन के बाद ही उपयोगिता, सदुपयोगिता, और प्रयोजनशीलता की बात आती है।
जीने के लिए अभ्यास है। अभ्यास का अन्तिम-छोर है - अनुभव में जीना। पहले सर्व-शुभ सूचना के आधार पर जीना। फ़िर सर्व-शुभ सूचना के अनुकूल अध्ययन में जीना। अध्ययन पूरा होने पर अनुभव में जीना। अनुभव में जीना = अखंड-समाज सार्वभौम-व्यवस्था सूत्र व्याख्या में जीना। इस तरह जीने का मतलब है - समाधान-समृद्धि पूर्वक परिवार में जीना। समाधान-समृद्धि-अभय पूर्वक समाज में जीना। समाधान-समृद्धि-अभय-सह-अस्तित्व पूर्वक व्यवस्था में जीना। ये चारों भाग चाहिए या नहीं चाहिए, इसका आप निर्णय कीजिये। आगे संतानों को इसकी ज़रूरत है या नहीं - इसको सोचिये।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित।
Tuesday, June 9, 2009
प्रश्न-मुक्ति अभियान
मुझको अभी तक किसी कुंठा या निराशा ने प्रताड़ना नहीं दिया। मैंने कुंठा को देखा नहीं। निराशा को देखा नहीं। यंत्रणा से मैं कभी पीड़ित नहीं हुआ।
जो मैं पाया, उसे मानव-जाति को पहुँचा कर तो देखें! देखें - मानव इसको कैसे स्वीकारता है! यदि मानव इसको स्वीकार लेता है तो उसका धरती पर बने रहना सम्भव है। यदि नहीं स्वीकार होता है, तो इससे कोई अच्छी चीज़ को अनुसंधान करना पड़ेगा। इससे कम अच्छे में तो काम नहीं चलेगा!
इस बात को समझाने में मुझ में यह कमी रही - मैं स्कूल-कॉलेज में पढ़ा हुआ आदमी नहीं हूँ। स्कूली शिक्षा मेरे पास कुछ भी नहीं है। फ़िर भी मुझ में अनुभव के आधार पर हर मोड़-मुद्दे का समाधान मेरे पास आता है। उसके आधार पर मैं आप के सम्मुख प्रस्तुत होता हूँ।
संसार के ७०० करोड़ आदमियों के पास यदि विधिवत कोई प्रश्न बनता है - तो उसका उत्तर मेरे पास है। "विधिवत" प्रश्न से आशय है - किसी लक्ष्य के लिए पूछा गया प्रश्न। इसको आप "प्रश्न मुक्ति अभियान" कह सकते हैं।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६ कानपूर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन पर आधारित
Sunday, June 7, 2009
मनः स्वस्थता और अखंड-समाज
मानव-परम्परा में दो लक्ष्य पाया जाता है - मानव लक्ष्य और जीवन लक्ष्य। मानव-लक्ष्य और जीवन-लक्ष्य दोनों प्रमाणित होना है। इसमें मैंने जो अध्ययन किया, समझा, जिया, और प्रमाणित किया - वह है, मानव-लक्ष्य प्रमाणित होता है तो जीवन-लक्ष्य भी प्रमाणित होता है। दूसरे - जीवन-लक्ष्य पूरा होता है तो मानव-लक्ष्य भी पूरा होता है। जीवन सुख, शान्ति, संतोष, और आनंद को अनुभव करना चाहता है। यही जीवन-लक्ष्य है। अध्ययन द्वारा सह-अस्तित्व को समझने से, जीवन को समझने से, मानवीयता पूर्ण आचरण को समझने से समाधान होता है। समाधान से सुख होता है। समाधान मानव-लक्ष्य है। समाधान, समृद्धि, अभय, और सह-अस्तित्व मानव-लक्ष्य है।
मानव को ज्ञान-अवस्था की इकाई के रूप में मैंने पहचाना। ज्ञान को भी मैंने पहचाना। ज्ञान यदि मानव को होता है, तो संज्ञानीयता में संवेदनाएं नियंत्रित होती हैं। मानव अभी तक शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध इन्द्रियों को तृप्ति देने के लिए सकल कुकर्म कर दिया। सभी अपराधों को वैध मान लिया। उसके बाद भी संवेदनाओं में तृप्ति की निरंतरता नहीं मिली। संज्ञानीयता में संवेदनाएं नियंत्रित होती हैं - यह मैंने देखा है, जिया है, और उसको प्रमाणित किया है।
हर व्यक्ति मूलतः संयत रहना चाहता है। बच्चे से बूढे तक आप अध्ययन करें तो आप पायेंगे - हर व्यक्ति में कहीं न कहीं संयमता की अपेक्षा बनी हुई है। भले ही वह घोर अराजकता में क्यों न जीता हो! प्रख्यात डाकुओं से लेकर, महान झूठ-खोरों, सभी प्रकार के कुकर्म करने वाले लोगों के साथ संभाषण करके मैं इस अन्तिम-निष्कर्ष पर पहुँचा हूँ। सज्जनों में तो संयमता की अपेक्षा है ही। अभी तक संयमता की निश्चित-विधि, निश्चित-प्रक्रिया, निश्चित-पहचान, निश्चित-मूल्यांकन, और उसका सम्मान हम नहीं कर पाये थे। संयमता को पाना जरूरी है। समाज की सम्पूर्ण संरचना संवेदनाएं नियंत्रित रहने या अनियंत्रित रहने पर निर्भर है। यदि हम संयमता को पहचानते हैं, समझते हैं, जीते हैं, उसमें पारंगत होते हैं - तब हम "अखंड-समाज और सार्वभौम-व्यवस्था" को सोचने योग्य होते हैं। उससे पहले एक भी आदमी "अखंड-समाज सार्वभौम-व्यवस्था" को नहीं सोच पायेगा - यह आप मुझसे लिखवा लो! यदि यह बात आपके गले उतरती है तो संज्ञानीयता में पारंगत होने की आपकी इच्छा बलवती होती है।
सभी मनुष्यों में "मानवत्व" नाम की एक चीज है - जो सोया रहता है, उसको जगाने की ज़रूरत है। जो भूला रहता है, उसको स्मरण दिलाने की ज़रूरत है। जो समझा नहीं रहता है, उसको समझाने की ज़रूरत है। इन तीन काम में लगने की ज़रूरत है। कौन लगेगा इसमें? जो संज्ञानीयता में पारंगत है, जिसकी संवेदनाएं नियंत्रित हो चुकी हैं, अखंड-समाज सार्वभौम-व्यवस्था की सूत्र-व्याख्या को जो पा चुका है - वही स्वयं को प्रमाणित करने के क्रम में इस काम में लगेगा। इससे कम दाम में यह होने वाला नहीं है। योग विधि से, अभ्यास विधि से हम बहुत सोचे हैं, कहे हैं - उसमें यह आशय तो व्यक्त होता है, किंतु वह प्रमाण में होना, परम्परा में होना, और जीना - इस जगह में हम आए नहीं! इन जगहों पर आने की आवश्यकता है। क्यों आवश्यकता है? इसका यही उत्तर है - क्योंकि धरती बीमार हो गयी है। मनुष्य की अपराध-प्रवृत्ति से ही यह धरती बीमार हुई है। अपराध-प्रवृत्ति से मुक्ति के लिए अखंड-समाज सार्वभौम-व्यवस्था सूत्र-व्याख्या के पास आना ही होगा।
"अखंड-समाज" का मतलब है - मानवत्व का जागृति स्वरूप में प्रमाणित होना। मानव संज्ञानीयता संपन्न हो कर नियंत्रित संवेदनशीलता पूर्वक व्यवस्था में जीता है। "संज्ञानीयता" से आशय है - सह-अस्तित्व दर्शन ज्ञान, जीवन-ज्ञान, और मानवीयता पूर्ण आचरण ज्ञान से संपन्न होना। ज्ञान से विवेक आता है - जो है, शरीर का नश्वरत्व, जीवन का अमरत्व, और व्यवहार के नियम। उसके बाद विज्ञान के पास आते हैं - मानव-लक्ष्य (समाधान, समृद्धि, अभय, सह-अस्तित्व) और जीवन-लक्ष्य (सुख, शान्ति, संतोष, आनंद) के लिए दिशा निर्धारित करने के लिए। विज्ञान है - काल-वादी, क्रिया-वादी, और निर्णय-वादी ज्ञान।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के उदबोधन से
"ब्रह्म सत्य - जगत मिथ्या" से परेशानी
मैंने वैदिक-विचार के चिंतन को देखा, समझा, और उसके अनुसार जीने के लिए तैय्यारी किया। वहाँ किताबों में लिखा है - "ईश्वर से यह जगत पैदा हुआ है।" "ब्रह्म से आकाश, आकाश से वायु, वायु से जल, जल से अग्नि पैदा हुआ" - यह लिखा है। इसके अलावा जीव के भी ब्रह्म से पैदा होने के बारे में लिखा है। "ब्रह्म की परछाई माया पर पड़ने से असंख्य जीवों की उत्पत्ति हो गयी।" - ऐसा बताया गया है। इस तरह ब्रह्म या ईश्वर से ही जीव-जगत पैदा होने की बात लिखी गयी है। अंत में फ़िर लिखा है - "ब्रह्म सत्य - जगत मिथ्या"। यह किताबों में लिखा हुआ है। उसको आप भी पढ़ सकते हैं। यह पढने के बाद मेरे मन में बहुत आन्दोलन हुई - सत्य से मिथ्या कैसे पैदा हो सकता है? मेरा परिवार श्रेष्ठतम वैदिक-परम्परा का सम्मान जो प्राप्त किया हुआ था - वे मेरे इस "वितंडावाद" से बहुत परेशान हुए। उस समय रमण मह्रिषी जीवित थे, जिनके प्रति हमारे परिवार की आस्था थी। उनकी आज्ञा से कि मेरे प्रश्नों के उत्तर समाधि में मिलेंगे - मैं यहाँ अमरकंटक चला आया।
अनुसंधान सफल होने पर मुझे पता चला - सत्य से कोई मिथ्या पैदा नहीं होता। "पैदा होता है" - यह सोच ही ग़लत है। अस्तित्व में कुछ पैदा नहीं होता, न विनाश होता है। अस्तित्व में प्रकटन है, और लुप्त होना है। प्रकटन होना हर धरती पर नियति-सहज व्यवस्था है। प्रकटन होना - विकास-क्रम, विकास, जागृति-क्रम, जागृति के रूप में ही होता है। दूसरा कुछ होता ही नहीं है। मनुष्य के प्रकटन तक कोई परेशानी नहीं है। सारी परेशानी की जड़ मनुष्य ही है। मनुष्य स्वयं फंसा है। कैसे उद्धार होगा? - इसका उत्तर हमको विगत में मिला नहीं था। इसके उत्तर को अब मैं पा गया हूँ। वह यदि आप तक पहुँचता है, तो आप भी मेरे जैसे सत्यापन कर सकते हैं।
- जीवन विद्या राष्ट्रीय सम्मलेन २००६, कानपुर में बाबा श्री नागराज शर्मा के प्रबोधन पर आधारित