ANNOUNCEMENTS



Thursday, September 20, 2012

सहज और कृत्रिम


प्रश्न: “सहज” शब्द से क्या आशय है?

उत्तर: सहज से आशय है – मानव को जिसे बनाना नहीं है.  सभी व्यवस्था सहज है.  नियम सहज है.  जीवन सहज है.  शरीर सहज है.  क्या सहज है, यह समझे बिना मानव ने अपने को “बनाने वाला” मान कर ही तो सब कुछ को बर्बाद किया है.  मानव ही सारी कृत्रिमता का आधार है, और कोई भी नहीं है.  मानव सहजता का आधार अभी तक बना नहीं.  मानव को सहज को पहचानने की आवश्यकता है.  सहजता विधि से मानव के बने रहने की व्यवस्था है.  कृत्रिमता विधि से कहीं न कहीं कुंठित होता है.  सहज की ही निरंतरता होती है.  अक्षुण्णता की अपेक्षा मानव सदा से ही रखे हुए है.  उस अपेक्षा के अनुसार काम नहीं किया तो क्या वह झूठ नहीं हो गया?

प्रश्न: आदमी घर बनाता है, सड़क बनाता है, यातायात के साधन बनाता है –  ये सब पहले से तो उपलब्ध नहीं हैं. उनको वह बनाए या नहीं?

उत्तर: आदमी इनको बनाए, पर नियम की समझ के साथ बनाए.  सभी सुविधाओं को बनाने के लिए नियति विधि का अनुसरण किया जाए, न कि कृत्रिम विधि को.  कृत्रिम विधि है – नियति विरोधी सिद्धांतों को अपनाना.  प्रचलित विज्ञान कृत्रिम विधि है.  

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अप्रैल २००८, अमरकंटक)

Wednesday, September 19, 2012

कल्पनातीत उपलब्धि


मैंने जो उपलब्धि पायी वह कल्पनातीत है.  ऐसी कल्पना कोई कर नहीं पाया कि ऐसा कोई उपलब्धि होगा जिसमे सबके लिए जवाब होगा, जिसमे सबके लिए समाधान होगा, जिसमे सबके लिए शिक्षा का स्वरूप होगा, जिसमे सारी मानव जाति का एक संविधान होगा.  इसको क्या कोई सोचा भी है?  यह “चाहत” कुछ पुण्यशील व्यक्तियों में होगा.  किन्तु इस चाहत के पूरा होने के लिए “प्रस्ताव” किसी के पास नहीं है.  यह उपलब्धि इससे पहले किसी को मिला हो, और उसने आँखें मूँद ली – तो उस का क्या प्रयोजन निकला?  इस उपलब्धि को पाने के बाद मैं सोचने लगा, यदि मानव-जाति को सौंपे बिना मैं आँखे मूँद लेता हूँ तो पुनः अपराध हो गया!  मानव जाति को इसे पकडाने के लिए मैंने अपने जीने का डिजाईन समाधान-समृद्धि के स्वरूप में बनाया.  यदि मानव जाति को पकडाने की बात नहीं होती तो मैं विरक्ति विधि से ही जीता रहता.  समाधान-समृद्धि का यह न्यूनतम मॉडल लोकव्यापीकरण हो सकता है.

प्रश्न: तो क्या जागृत होने के बाद भी कोई ऐसा सोच सकता है कि मानव-जाति को इस उपलब्धि को देना है या नहीं?

उत्तर: नहीं. यह जागृति के पहले दृष्टा पद की स्थिति है. जैसे ही मुझ को समझ में आया कि यह सम्पूर्ण मानव जाति की सम्पदा है, और यह मेरे अकेले की सम्पदा नहीं है – तो मैंने उसके साथ ईमानदारी को जोड़ दिया.  मेरे स्वयं के समाधान-समृद्धि पूर्वक जिए बिना कोई मेरी बात सुनेगा नहीं.  अनुभव पूर्वक समाधान तो मेरे पास हो गया था.  उसके साथ समृद्धि को जोड़ दिया.

प्रश्न: तो क्या आप भी साक्षात्कार-बोध-अनुभव के क्रम से गुजरे और उसके बाद अपने जीने के क्रम को सजाये?

उत्तर: हाँ.  अनुभव संपन्न होने के बाद समाधान-समृद्धि के डिजाईन को बनाने में मुझे पांच वर्ष का समय लगा.

प्रश्न: आपके अनुभव प्राप्त करने और हमारे अध्ययन पूर्वक अनुभव प्राप्त करने में क्या फर्क है?

उत्तर: मैंने भी अध्ययन पूर्वक ही अनुभव को प्राप्त किया है.  आपको अध्ययन मैं कराता हूँ, मुझको प्रकृति से सीधा अध्ययन करने का मौका मिला.  २५ वर्ष की जो मैंने साधना की थी, उससे प्रकृति से सीधा अध्ययन करने की मेरी स्थिति बनी.  वस्तु का बोध होने के बाद उसको व्यवहार में प्रमाणित होने के क्रम को मैं स्वयं में जोड़ता गया.  वस्तु को शब्द से जोड़ने की अर्हता मेरे पास था ही.  यह अर्हता हर व्यक्ति के पास है.  किसी भी वस्तु को देखता है तो उसको नाम देना उससे बन जाता है.  वस्तु से अनुभव, अनुभव से विचार, विचार से शब्द तक जोड़ दिया.  आप ही बताओ – इतनी बात की आवश्यकता थी या नहीं?

मानव जाति “अनुभव प्रमाण” को छोड़ करके, सभी को बोध होने वाली विधि को छोड़ करके, उपदेश विधि में पहुँच गया.  उपदेश विधि से रूढी बन सकती है, अध्ययन नहीं हो पायेगा.  इसलिए अध्ययन विधि के योग्य शब्दों को मैं जोड़ता गया.  भाषा से वस्तु तक जोड़ने के लिए परिभाषा दे दिया.  यहाँ कह रहे हैं – हम अपने अनुभव को प्रमाण रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं, दूसरा व्यक्ति उसको स्वीकार सकता है, वह अपने में उसको प्रमाणित करने के क्रम में जांच सकता है.  इस तरह अनुभव एक से दूसरे में अंतरित होने की बात आयी.

इस प्रस्ताव के आने से पहले किसी भी परंपरा ने अनुभव के एक से दूसरे में अंतरित होने की बात को माना नहीं है.  आज मैं एक जैन साध्वी से मिला तो उनसे मैंने पूछा – यह जो आप साधना करते हैं, क्या उसका कोई “फल” होता है या नहीं?  उन्होंने कहा – होता है.  फिर मैंने पूछा – क्या वह फल मानव जाति को छुआ है या नहीं?  उन्होंने कहा – नहीं.  यदि हमारी साधना का फल संसार को नहीं मिलता है तो साधना से हमे कोई फल मिला या नहीं, यह कैसे कहा जाए?  उसके बाद उन्होंने पूछा – आपका इस बारे में क्या सोच है?  मैंने उनको बताया – मैंने जो साधना किया, समाधि को प्राप्त किया, उसके बाद संयम किया – उसके फल में पता चला, जीव-चेतना भ्रम है, मानव-चेतना जागृति है.  मानव-चेतना का अध्ययन हो सकता है.  उस अध्ययन विधि को मैंने मानव के सम्मुख रखा है.  भ्रम से जागृति की ओर गमन के लिए ये सारा अध्ययन है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (अगस्त २००६, भिलाई)

Monday, September 17, 2012

मणि

प्रश्न: मणि क्या वस्तु है?

उत्तर: प्रत्येक परमाणु में चुम्बकीय बल-सम्पन्नता बना ही रहता है.  परमाण्विक क्रिया के कारण से ताप, ध्वनि और विद्युत निर्मित होता है.  हरेक परमाणु में ये चारों सामान्य रूप में विद्यमान हैं.  मणि के गठन में शामिल परमाणुओं से निर्मित ताप को किरण के रूप में प्रसारित करने वाली मणियों को किरण-श्रावी कहा है.  ऐसी किरणों को ग्रहण करने वाली मणियों को किरण-ग्राही कहा है.  कुछ मणियाँ किरण-ग्राही और किरण-श्रावी दोनों होती हैं.  इस तरह तीन प्रजाति की मणियाँ हैं.

प्रश्न: मणि के गठन में शामिल होने वाले परमाणुओं में क्या विशेषता है?

उत्तर: मणि मूलतः हल्के परमाणुओं (एक निश्चित संख्या के अंशों से गठित)  का गठन है.  ऐसे अनेक परमाणुओं के गठन से एक अणु, और ऐसे अनेक अणुओं के गठन से एक मणि.  इन परमाणुओं से केवल ताप ही प्रसारित होता है, विद्युत और ध्वनि को अन्तर्निहित किया रहता है. हीरा एक मणि है, जिससे सर्वाधिक ताप प्रसारित होता है.

प्रश्न: सूर्य से निकलने वाली किरणे और मणि से निकलने या समाने वाली किरणे क्या भिन्न है?

उत्तर: हाँ. मणि से निकलने या समाने वाली किरणों की प्रक्रिया सूर्य से निकलने वाली किरणों की प्रक्रिया से अलग है. धरती की सभी मणियाँ सूर्य की किरणों (उसके ताप और प्रतिबिम्ब) से संबद्ध हैं.  सूर्य के साथ संबद्ध धरती पर पाई जाने वाली मणियों में यह किरण-श्रावी या किरण-ग्राही गुण होता है.  मणियाँ सूर्य का ताप पचा कर किरण-श्रावी या किरण-ग्राही गुण को प्रकाशित करती हैं.

प्रश्न: जब सूर्य नहीं रहेगा, या ठंडा हो जाएगा – तब क्या होगा?

उत्तर: तब ये मणियाँ धरती के ताप (अन्तर्निहित अग्नि) से संबद्ध हो जायेंगी.  जैसे – बच्चे गर्भ में रहते तक नाभि से आहार ग्रहण करते हैं, पैदा होने के बाद मुख से आहार ग्रहण करने लगते हैं. सूर्य के ताप से संबद्ध होने के कारण या धरती के ताप से संबद्ध होने के कारण मणियों में किरण-ग्राही या किरण-स्रावी गुण है.  मणियों के गुण मानव-शरीर के लिए अनुकूल या प्रतिकूल होते हैं.  ज्योतिष विज्ञान में इन प्रभावों को काफी परीक्षण किया गया है.

प्रश्न: मणि से निकलने वाली किरणों में यदि ताप नहीं है तो मणि की किरणे क्या है?

उत्तर: मणि की किरणे मणि की पहचान हैं.  जो वस्तु मणि से प्रभावित होती है, उसके लिए पहचान का आधार है.

प्रश्न: किरण-ग्राही मणि और मिट्टी में क्या अंतर है?

उत्तर: किरण-ग्राही मणियाँ जीव-संसार के लिए उपकारी हैं.  दूसरे ये पत्थर, धातु और मिट्टी में परिनितियों के कारण बनते हैं.  जैसे – पत्थर में कठोरता, धातु में विद्युत-ग्राहिता, और मिट्टी में उर्वरकता.  मिट्टी और मणि का रूप या बनावट अलग-अलग है. 

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर 2008, अमरकंटक)

Tuesday, September 11, 2012

ज्ञान-दृष्टि


अन्तःकरण में इस बात की आवश्यकता महसूस होनी चाहिए कि जीव-चेतना में जीते हुए मानव का सार्थक जीने का स्वरूप नहीं बनेगा. पहला मुद्दा यही है.  यह निष्कर्ष यदि निकलता है तो मध्यस्थ दर्शन के सन्दर्भ में मैंने जो कुछ भी लिख कर दिया है, बोल कर दिया है – वह सब सहायक है.  यदि यह निष्कर्ष आपमें नहीं निकलता है तो इसको आपने लिख दिया, पढ़ लिया, बोल दिया – उससे काम नहीं चलता.  अनुभव से ही काम चलेगा.  अनुभव ज्ञान दृष्टि से ही होगा.  ज्ञान-दृष्टि चक्षु-दृष्टि में आता नहीं है.  वस्तु के आकार, आयतन और घन में से घन आँखों में आता नहीं है.  चक्षु-दृष्टि के दृष्टि-पाट में आधा भाग ही आता है,  आधा भाग ओझिल ही रहता है.  ज्ञान-दृष्टि से “जीना” होता है, व्यवहार के लिए चक्षु का प्रयोग किया जाता है.  ज्ञान-दृष्टि का मानव ने अभी तक उपयोग किया नहीं है.  जितना भी मैंने मानवीयता के पक्ष में लिखा है वह आँखों में कहाँ आता है?  वह सब ज्ञान में गण्य होता है.  आदर्शवादी विधि में ज्ञान को व्यवहार में गण्य माना ही नहीं गया.  यदि ज्ञान व्यवहार में नहीं आता है तो उसका क्या मतलब है?  इसीलिये प्रमाणित होना बहुत आवश्यक है. 

अनुभव ज्ञान-दृष्टि से ही होगा.  अनुभव चर्म-दृष्टि से नहीं होगा.  अभी जीव-चेतना में हम जो कुछ भी कहते हैं, सोचते हैं, करते हैं – चर्म-दृष्टि से ही कहते हैं, सोचते हैं, करते हैं.  आँखों से सच्चाई दिखती नहीं है, जबकि जीव-चेतना में जीता हुआ मानव आँखों से दिखे हुए को सच्चाई मानता है.  आँखों से जितना दिखता है उसकी सीमा है, शरीर को पुष्ट रखना.  उसके अलावा कुछ नहीं!  जीव-चेतना में शरीर को पुष्ट बनाए रखने का क्या फायदा होगा?  केवल दूसरों को मारना-पीटना, धोखा-धडी करना.  वही करता है आदमी. 

प्रश्न: चर्म-दृष्टि सीमित है, यह मुझे स्पष्ट हो गया.  लेकिन ज्ञान-दृष्टि क्या है, यह मुझे स्पष्ट नहीं है.

उत्तर: भार एक ज्ञान है. आँखों से सामने रखा हुआ वस्तु आधा दिखता है, लेकिन यह पूरा है – यह ज्ञान दृष्टि से समझ में आता है. यहाँ से शुरुआत होता है.  इसी प्रकार हर मुद्दे में है. सह-अस्तित्व आँखों से दिखता नहीं है, पर समझ में आता है.  समाधान आँखों से दिखता नहीं है, पर समझ में आता है.  न्याय आँखों से दिखता नहीं है, पर समझ में आता है.  नियम, नियंत्रण, संतुलन आँखों से दिखता नहीं है, पर समझ में आता है.  ऐसा दृश्य मानव के सम्मुख प्रस्तुत है.  यह सब ज्ञान दृष्टि से ही समझ में आता है.  मानव को ही समझ में आता है.  जानवर को समझ में नहीं आएगा.  मानव में नर-नारी दोनों गण्य हैं. 

-    - श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (सितम्बर २०१२, अमरकंटक)

Sunday, September 9, 2012

उपसंहार


मैंने जो सब प्रस्तुत किया है – चार भाग में दर्शन, तीन भाग में वाद, तीन भाग में शास्त्र, उसके साथ संविधान – उस पूरी बात का मतलब मैं बताना चाहता हूँ.  इस बात का प्रयोजन है – विकसित चेतना (मानव चेतना, देव चेतना, दिव्य चेतना) को समझना, प्रमाणित करना और प्रमाणित स्वरूप में पीढ़ी दर पीढ़ी रहना.  इस पूरी बात को जीव-जानवर नहीं समझेगा, इसको जीव चेतना को पूजने वाला मानव नहीं समझेगा.  इसको जीव चेतना से छूटना जो मानव चाहते हैं, वही समझेंगे. हर व्यक्ति के पास यह तय करने का अधिकार है कि उसे जीव चेतना से छूटना है या नहीं?   विकसित चेतना स्वरूप में मानव के जीने में प्रमाण प्रवाहित होता है.  प्रमाण के तीन स्तर हैं – अनुभव प्रमाण, व्यवहार प्रमाण और प्रयोग प्रमाण.  इन तीनो स्तरों पर प्रमाण प्रवाहित होता है.  अनुभव के बिना कोई प्रमाणित करेगा ही नहीं.  अनुभव अध्ययन से होता है, या फिर अनुसन्धान से होता है.  इस प्रस्तुति को करने का अधिकार मुझ में अनुसंधान विधि से आया.  अनुसंधान पूर्वक इस अधिकार को पाने पर हर व्यक्ति में इसको समझने का स्त्रोत कल्पनाशीलता के रूप में देखा गया, इसी लिए इसको प्रस्तुत कर दिया.  संवाद का मूल तत्व इतना ही है.

मानव इस प्रस्तुति को अध्ययन करके अपना स्वत्व बना सकता है.  अध्ययन किये बिना इसको स्वत्व नहीं बनाया जा सकता.  हम अभी बहुत से आयामों को नज़र अंदाज करके चलने में अभ्यस्त हैं, वह नहीं चलेगा!  इस प्रस्तुति में कोई भी ऐसा अंग नहीं है, जिसे आप न समझें फिर भी यह प्रस्ताव आपका स्वत्व बन जाए.  व्यर्थ की बातों को तो इसमें लिखा ही नहीं है.  सार्थक बातों को लिखा है और हर मुद्दे पर निष्कर्षों को लिखा है, वह आवश्यक है या नहीं – इसी को आपको देखना है.  इसमें जितने भी निष्कर्षों को लिखा है वे तर्क-संगत, विचार-संगत, व्यव्हार-संगत और अनुभव-संगत हैं.  इन चारों भागों को सोच करके इसे प्रस्तुत किया है.  मानव जाति इन निष्कर्षों को आवश्यक पायेंगे तो उसे अपनाएंगे, आवश्यक नहीं पायेंगे तो नहीं अपनाएंगे.

जय हो! मंगल हो! कल्याण हो!

ए नागराज,
प्रणेता, मध्यस्थ दर्शन सह-अस्तित्ववाद,
श्री भजनाश्रम, नर्मदांचल,
अमरकंटक, जिला अनुपपुर, मध्य प्रदेश, भारत.