ANNOUNCEMENTS



Tuesday, May 8, 2012

देखना और समझना


समझना जीवन में होता है.  देखना जीवंत शरीर द्वारा होता है.

भौतिकवाद ने देखने को प्रमाण मानते हुए, यंत्र को प्रमाण मान लिया.  यहाँ से भौतिकवादी भटक गए.  उसको सुधारने के लिए मध्यस्थ-दर्शन ने प्रस्तावित किया – “देखने का मतलब है – समझना”.  जीवन ही देखता और समझता है.  जीवन समझने के लिए शरीर के द्वारा देखता है.  जीवन के लिए शरीर एक साधन है, एक यंत्र है.  शरीर में शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध इन्द्रियां हैं.  इन्द्रियों को जीवंत बना कर रखने वाला तथा उनके उपयोग से देखने और समझने वाला जीवन है.

प्रश्न: मरने के बाद क्या जीवन “देख” पाता है?

उत्तर: मरने पर जीवन शरीर को छोड़ देता है.  जीवन उस स्थिति में देख और सुन सकता है, किन्तु उस स्थिति में मानव परंपरा में वह प्रमाणित नहीं हो सकता है.

प्रश्न: शरीर छोड़ी हुई स्थिति में क्या जीवन “समझ” पाता है?

उत्तर: नहीं. शरीर को छोड़ने के समय तक जीवन जितना समझा रहता है, उतना ही समझ उसमे शरीर छोडी हुई   स्थिति में रहता है.  जीवन और मानव-शरीर के सहअस्तित्व में ही समझ का प्रमाण होता है.  मानव परंपरा में उपकार विधि से ही समझा जा सकता है.  

जीवन “समझ” को दो विधियों से हासिल कर सकता है.  (१) शोध, (२) अनुसंधान.  परंपरा से जो मिलता है, उसको जांचना शोध है.  परंपरा से जो नहीं मिलता है, उसके लिए अनुसंधान है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८). 

Wednesday, May 2, 2012

प्रकृति में नियंत्रण


साम्य ऊर्जा (सत्ता) में ही हम (सारी प्रकृति) नियंत्रित रहते हैं.  सत्ता में घिरे रहने से सम्पूर्ण प्रकृति नियंत्रित है.  सत्ता इकाइयों को नियंत्रित “करने वाला” नहीं है.  सत्ता में इकाइयां नियंत्रित हैं.  इकाई के नियंत्रित रहने का “कारण” सत्ता है.  सत्ता में इकाइयां डूबी, भीगी और घिरी हैं.  घिरे रहने का प्रभाव है - नियंत्रण.  डूबे रहने का प्रभाव है – इकाई की कार्य-सीमा.  भीगे रहने का प्रभाव है – ऊर्जा सम्पन्नता.

सत्ता में संपृक्तता वश सम्पूर्ण प्रकृति में व्यवस्था में होने की मूल प्रवृत्ति है.  ऊर्जा सम्पन्नता के आधार पर ही जड़-प्रकृति में व्यवस्था में होने की प्रवृत्ति है.  ज्ञान सम्पन्नता के आधार पर ही चैतन्य-प्रकृति में व्यवस्था में होने की प्रवृत्ति है.  चैतन्य प्रकृति में मानव भी है.  मानव में ज्ञान सम्पन्नता का आरंभिक स्वरूप है – कल्पनाशीलता.  कल्पनाशीलता के आधार पर मानव ने अभी तक जितना भी व्यवस्था के लिए सोचा और किया वह जीवचेतना के अंतर्गत ही रहा.  जीवचेतना में मानव का व्यवस्था में जीना बना नहीं.  मानव के व्यवस्था में जीने के लिए समझदारी का परंपरा आवश्यक रहा.  तभी मानव एक दूसरे को समझा पायेंगे और व्यवस्था में जी पायेंगे.  दूसरा कोई रास्ता भी नहीं है.   

-    - - श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८). 

व्यवस्था में होने की मूल प्रवृत्ति

किसी भी चुम्बकीय पदार्थ के दो ध्रुव बनते हैं.  धरती के भी दो ध्रुव हैं क्योंकि धरती में भी चुम्बकीयता को वहन करने वाले पदार्थ हैं.  धरती के दो ध्रुवों के बीच, धरती के मध्य में एक चुम्बकीय धार बना रहता है.  इसके साथ विकीरणीय धातुओं के प्रभाव के फलस्वरूप धरती ठोस होने और ठोस बने रहने का कार्यकलाप होता है.  धरती के मध्य चुम्बकीय धार का प्रभाव उसकी घूर्णन गति से विखंडित होने से धरती की सतह पर विद्युत धारा दक्षिण से उत्तर की ओर दौड़ता है.  उसी आधार पर हमे कुतुबनुमा में चुम्बकीय-सुई उत्तर दिशा को दिखाती है.   

हम धरती पर विद्युत का जितना भी उत्पादन करते हैं, उसका स्त्रोत धरती की वस्तु ही है.  विद्युत जो प्रवाहित होता है, अंत में वह धरती में ही वापस जा कर समाता है.  प्रवाहित होने के क्रम में ध्वनि, ताप आदि में परिवर्तित होते हुए, यंत्रों को चलाता है.  

धरती अपनी घूर्णन गति के आधार पर अपना एक वातावरण बना कर रखा है.  प्रत्येक इकाई अपने वातावरण सहित अन्य इकाइयों से निश्चित दूरी को बना कर कार्य करती है.  इकाइत्व का पहचान उसी कारण हो पाता है.  जैसे सूर्य और धरती हैं.  सूर्य अपने वातावरण सहित है.  धरती अपने वातावरण सहित है.  इन दोनों के बीच में शून्य है.  धरती सूर्य के या सूर्य धरती के वातावरण की सीमा में नहीं हैं.  इनके बीच दूरी इनके वातावरण की सीमा से बहुत ज्यादा है.  धरती और सूर्य शून्य-आकर्षण में रहते हैं.  ये दोनों परस्पर एक व्यवस्था में हैं.  यह एक अद्भुत बात है.  परमाणु अंश मिल कर जो परमाणु की व्यवस्था बनाते हैं, उनमे भी वैसा ही है.  हर वस्तु में व्यवस्था को प्रमाणित करने की प्रवृत्ति है – यह इसका प्रमाण है.

प्रश्न: क्या धरती पर होने वाले परमाणुओं के प्रभाव-क्षेत्रों  के बीच भी बहुत दूरियां हैं?

उत्तर: नहीं. धरती पर होने वाले परमाणुओं के प्रभाव-क्षेत्र पास-पास हैं.  तभी उनमे ठोस होने की प्रवृत्ति है.  ठोस इसीलिये है क्योंकि परमाणुओं के प्रभाव क्षेत्र पास पास हैं.

प्रत्येक एक अपने वातावरण सहित सम्पूर्ण है.  वातावरण सहित सम्पूर्ण होने का मतलब है – निश्चित आचरण करना.  मूल वस्तु (सह-अस्तित्व) को परिशीलन करने पर मैंने पाया - सत्ता में संपृक्त होने से प्रत्येक एक “सम्पूर्णता” और “पूर्णता” से गर्भित है.  गठन-पूर्णता के पूर्व (जड़ प्रकृति) “सम्पूर्णता” को व्यक्त करते हैं.  गठनपूर्णता के बाद (चैतन्य प्रकृति या जीवन) “पूर्णता” को व्यक्त करते हैं.  जड़-चैतन्य प्रकृति पूर्ण (सत्ता) में गर्भित होकर पूर्णता (गठन-पूर्णता, क्रिया-पूर्णता, आचरण-पूर्णता) के लिए काम कर रही है.  मनुष्येत्तर प्रकृति सम्पूर्णता के साथ “त्व सहित व्यवस्था” है.  मानव प्रकृति पूर्णता के साथ “त्व सहित व्यवस्था” है.  इसके आधार पर सारी बात व्यवस्था के लिए सूत्र-बद्ध हो जाती है.  सूत्र-बद्ध होने से अध्ययन के लिए सुगम हो जाता है.  इन चार-पांच मूल सूत्रों के आधार पर ही मैं अपनी सारी बात करता हूँ.  मानव यदि इसका अध्ययन कर पाता है तो उसमे स्वानुशासन स्वरूपी स्वयं स्फूर्त व्यवस्था की प्रवृत्ति उदय होगी.  स्वानुशासन स्वरूप ही स्वतंत्रता है.  बाकी सब आरोप है – या तो हम किसी पर प्रभाव डालने में व्यस्त रहते हैं या किसी से प्रभावित होने में व्यस्त रहते हैं.

अध्ययन के लिए प्रकृति के व्यवस्था में होने की मूल प्रवृत्ति के सत्य को “स्वीकारना” होगा.  फिर उसको सूक्ष्म से सूक्ष्म स्तर पर “जांचना” होगा.  उस जांच मे संतुष्टि होने की जगह मिलती है.  सबसे महत्त्वपूर्ण है – स्वयं में इसको जांचना.  स्वयं में जांचने का प्रवृत्ति आप में आ गया तो सब पकड़ में आ जाएगा.


श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८). 


Sunday, April 29, 2012

स्वयं की संतुष्टि के लिए अध्ययन

संयम में जब मुझे दृश्य दिखना शुरू हुआ, पहले दिन से ही मुझे यह स्वीकार हो गया कि यह मेरे स्वरूप का ही अध्ययन है.  यह मेरे स्वयं की संतुष्टि के लिए अध्ययन है – ऐसा मेरी स्वीकृति हुई.  अध्ययन पूरा होने के बाद मेरी स्वीकृति हुई कि यह मेरा ही नहीं सर्व-मानव के अध्ययन की वस्तु है.

प्रश्न: आपका इतना दृढ़ विश्वास कैसे है कि अध्ययन विधि से भी अनुभव को पाया जा सकता है, जिसको आपने इतनी साधना के फलस्वरूप पाया?

उत्तर: क्योंकि मैंने स्वयं अध्ययन ही किया है!  मैंने साधना-समाधि विधि से चल कर अध्ययन किया.  मैंने जो देखा उसकी सूचना देने योग्य हो गया – उस आधार पर मेरा विश्वास है कि उस सूचना से आप भी अध्ययन कर सकते हैं.  समाधि से केवल मेरी संयम के लिए अर्हता बनी.  उसके आगे अध्ययन में हम और आप समान हैं.  जैसे अनुभव में मैंने देखा, अनुभवगामी विधि से उसको अध्ययन करने का व्यवस्था दे दिया.  अनुभव मूलक विधि से दी गयी सूचना से आपको अनुमान होता है, जो आपके अनुभव में जाकर confirm हो जाता है.  इतनी ही बात है.  जो अनुमान सटीक बन पाता है, उसमे आपकी निष्ठा बनती है और वह आगे अनुभव में आता है.  जो अनुमान सटीक नहीं बन पाता है, उसके लिए आपमें जिज्ञासा बनती है.  जिसका उत्तर अनुभव संपन्न व्यक्ति देता है.

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८). 

Friday, April 27, 2012

ज्ञानगोचर को प्राथमिकता दी जाए


समझने की प्यास हम सभी में एक जैसी है.  समझने के लिए कुछ बातें दृष्टिगोचर और ज्ञानगोचर संयुक्त रूप में हैं.  कुछ बातें केवल ज्ञानगोचर से ही तृप्त होती हैं.  “ज्ञानगोचर भाग को समझ गए हैं”, इस बात का प्रमाण केवल व्यवहार में ही आता है.  व्यवहार में समाधान प्रमाणित होना ही अखंड समाज का पहला सूत्र है.  ज्ञानगोचर सभी का स्वत्व बनने की आवश्यकता है.  “इसको क्या मैं केवल मान लूं?” ऐसा शंका करना यहाँ उचित नहीं है.  “यह मुझे समझ में आया या नहीं समझ में आया” – इस तरह अध्ययन क्रम में चलना है.  ज्ञानगोचर को अपना स्वत्व बनाने के लिए ध्यान देना ही पड़ता है.  इसमें दूसरे द्वारा स्वयं पर कुछ आरोपण का मतलब ही नहीं है.  दूसरे से सूचना है.  ध्यान देना आप ही को है, समझना आप ही को है.  मेरी समझदारी मेरा ही स्वत्व है, उसकी सूचना आप तक पहुँचता है.  सूचना है – कैसे मैं इसको पा गया, कैसे मैं इसको समझ गया, कैसे इसको जी गया.  मेरे जीने से आप सहमत हो गए.  समझने में भी आप सहमत हो गए.  समझ को आपका अपना स्वत्व बनाने में कहीं न कहीं देरी है. ज्ञानगोचर को स्वत्व बनाने के बाद आप अपना ताना-बाना बनाइये.  पहले अपना ताना-बाना बनाना आपके समझने में अड़चन बन जाता है.  मानव की कल्पनाशीलता में समझने का ताना-बाना भी आता है, समझाने का ताना-बाना भी आता है.  ये दोनों साथ-साथ रहता है.  इसमें समझने के पक्ष को प्राथमिक बनाया जाए.  “मैं इन्द्रियगोचर संपन्न हूँ, ज्ञानगोचर संपन्न हो सकता हूँ” – इस विश्वास के साथ चलें, तो ध्यान देने पर बात बन जायेगी.  इस में कोई काली दीवाल आएगा नहीं.  यह सबसे मासूम, सबसे प्राथमिक, सर्वप्रथम समझने की चीज है.  यह समझ में आने के बाद सब हल हो जाता है.

पारगामीयता का मतलब है - सब में निर्बाध प्रवेश पूर्वक चले जाना.  विगत में ब्रह्म के बारे में बताया था – “यह सब में समा गया है.”  समाने वाली बात गलत निकल गयी.  “समाने” का मतलब ऐसा निकलता है – जिसमे समाया उसमे रहा, बाकी में नहीं रहा.  यहाँ बताया है – ब्रह्म (सत्ता) जड़-चैतन्य वस्तु में पारगामी है.  मेरे अनुसंधान का पहला प्रतिपादन यही है.  जड़-चैतन्य में पारगामी होने से जड़ में ऊर्जा-सम्पन्नता और चैतन्य में ज्ञान-सम्पन्नता है.  जड़ प्रकृति में मूल-ऊर्जा यही है.  साम्य-ऊर्जा उसको नाम दिया है.  चैतन्य प्रकृति में ज्ञान यही है.  ज्ञान जीव-संसार में चार विषयों में प्रवृत्ति और संवेदना के रूप में प्रकट है.  मानव में संवेदनाएं प्रबल हुआ, तथा कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता ज्ञान-संपन्न होने के लिए प्रवृत्त हुआ.  ज्ञानगोचर को स्वत्व बनाने के लिए मानव के पास कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता स्वाभाविक रूप में प्रकृति-प्रदत्त है.  कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता की तृप्ति के लिए ही पूरा ज्ञानगोचर और इन्द्रियगोचर का प्रयोग है.  इन्द्रियगोचर का प्रयोग करने में मानव पारंगत है.  अब ज्ञानगोचर भाग को जोड़ने की आवश्यकता है.  उसको जोड़ने की आवश्यकता क्या है? सुखी होना.  समाधान पूर्वक सुखी होना होता है.  समस्या पूर्वक दुखी होना होता है.  अब प्रोत्साहन है – ज्ञानगोचर को प्राथमिकता दी जाए.  सारा उन्माद इन्द्रिय-गोचर विधि से है.  मानव का अध्ययन इन्द्रिय-गोचर विधि से हो नहीं पाता.  सत्ता में संपृक्त प्रकृति को समझना, जीवन को समझना, सार्वभौमता को समझना, अखंडता को समझना, प्रबुद्धता पूर्ण होना यह ज्ञानगोचर विधि से ही होगा.

मानव जो कुछ भी बात-चीत करता है वह ज्ञान की अपेक्षा में ही करता है.  मानव बहुत सारे भाग में ज्ञानगोचर विधि से जीता ही है.  विषयों और संवेदनाओं में भी मानव जो अभी जीता है वह भी ज्ञानगोचर विधि से ही जीता है.  पहले कल्पना से पहचानता है, फिर उसको शरीर द्वारा करता है.  कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता ज्ञानगोचर ही है.  कल्पनाशीलता और कर्म-स्वतंत्रता का प्रयोग चेतना-विकास के लिए होने की आवश्यकता है.  इस पर तुलने की ज़रूरत है.  यही मूल मुद्दा है.   

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८). 

Wednesday, April 25, 2012

सत्ता के “होने” को समझना

आप हमारे बीच में जो खाली वस्तु है, हर परस्परता के मध्य में जो वस्तु है – वही सत्ता है.  सत्ता पारगामी, पारदर्शी और व्यापक है.  व्यापक का अर्थ है – सर्वत्र विद्यमान रहना.  पारगामी होने के आधार पर जड़-प्रकृति ऊर्जा-संपन्न है और चैतन्य-प्रकृति ज्ञान-संपन्न है.  सत्ता ही साम्य-ऊर्जा है और सत्ता ही ज्ञान है.

सत्ता (ज्ञान) के पारगामी होने के आधार पर ही अस्तित्व मानव को स्वीकार होता है, अन्यथा मानव में कहाँ से आएगा?  ज्ञानगोचर को छोड़ करके हम चलते हैं तो यांत्रिकता के अलावा कुछ मिलेगा नहीं.

प्रश्न: “सत्ता ही साम्य-ऊर्जा है और सत्ता ही ज्ञान है” – इस को कैसे समझें?

उत्तर: जड़ प्रकृति के साथ सत्ता साम्य-ऊर्जा है.  जड़-प्रकृति में मात्रात्मक के साथ गुणात्मक विकास होने पर गठन-पूर्णता होने पर चैतन्य-पद (जीवन परमाणु) है.  चैतन्य-पद में सत्ता ज्ञान है.

प्रश्न: सत्ता की “पारदर्शीयता” से क्या आशय है?

उत्तर: आप और हम यहाँ आमने-सामने बैठे हैं.  आपको मैं पहचान रहा हूँ, मुझको आप पहचान रहे हैं.  बीच में सत्ता इस पहचान को रोकता नहीं है.  आप अपने को यथावत प्रस्तुत करें और मैं अपने को यथावत प्रस्तुत करूँ, इसमें सत्ता सहमत है.  इसीलिये सत्ता पारदर्शी है.  हम और आप एक दूसरे को देख-समझ पा रहे हैं – यही सत्ता की पारदर्शीयता का “प्रमाण” है.

प्रश्न: जैसे बिजली के कारण-वश बल्ब जलता है – सत्ता के कारण-वश प्रकृति क्रियाशील है.  बिजली के स्त्रोत को हम हटा देते हैं तो बल्ब जलता नहीं है – इसलिए हमको यह सिद्ध हो जाता है कि बिजली के कारण ही बल्ब जल रहा था.  लेकिन सत्ता के साथ ऐसा किया नहीं जा सकता, फिर सत्ता को कारण स्वरूप में कैसे समझें?

उत्तर: सत्ता को हटाया नहीं जा सकता – इसलिए सत्ता और प्रकृति के सह-अस्तित्व को इस विधि से नहीं सिद्ध कर सकते.  “सत्ता पारगामी है, इसलिए प्रकृति क्रियाशील है” – यह मानव के “समझ” में आता है.  समझ का मतलब है – ज्ञान.  मैंने जो “समझा” है – वह आपको बताया है.  जो मैंने बताया है – वह आपके लिए “सूचना” है.  आप भी उस ओर “ध्यान” देकर (या अध्ययन पूर्वक) उसे “समझ” सकते हैं.    मैंने भी उसे “ध्यान” दे कर अध्ययन पूर्वक “समझा” है.  आपको अपने “समझने के अधिकार” का प्रयोग करना है.  अध्ययन पूर्वक “समझने का अधिकार” हर व्यक्ति में रखा हुआ है.  मानव में जो “कल्पनाशीलता” है – अध्ययन का आधार वहीं से है.  ज्ञान-सम्पन्नता का आंशिक भाग कल्पनाशीलता ही है.  कल्पनाशीलता का आप “सदुपयोग” करेंगे तो सत्ता की पारमीयता, पारदर्शीयता, व्यापकता भी समझ आता है.  वही ज्ञानगोचर है.  ज्ञानगोचर विधि से मानव “समझ” सकता है.  इन्द्रियगोचर विधि से “समझ” में नहीं आता है.  मानव ज्ञान-अवस्था की इकाई है.  ज्ञानगोचर विधि से ही मानव की सार्थकता है.  ज्ञानगोचर विधि से समझने में केवल जीवन का ही श्रम है, शरीर का कोई श्रम नहीं है.  ज्ञान गम्य होने में जीवन ही श्रम करता है.  शरीर से कोई श्रम नहीं होता.  ज्ञान को परंपरा में प्रमाणित करने के लिए जीवन शरीर द्वारा प्रस्तुत होता है.  उसी ढंग से मैं जीता ही हूँ.

“देखने का मतलब ही समझना है.”  कहीं न कहीं इस बात को समझने में हम अटक जाते हैं.  शरीर का एक भाग है – “सुनना”.  जो सुना, उसका कुछ अर्थ होता है.  वह अर्थ अस्तित्व में वस्तु है.  वस्तु को वस्तु स्वरूप में साक्षात्कार करना ही “समझने” का मतलब है.  मुझको समझ में आ सकता है तो आपको भी आ सकता है.  आँखों से जो दिखता है उससे जो निष्कर्ष निकलता है, बारम्बार उसे गौण करके “समझने” को प्राथमिक करने से समझ में आता है.

प्रश्न: पानी में जैसे कपड़ा भीगता है, क्या वैसे ही ज्ञान में जीवन भीगा है?

उत्तर: किसी भी तरह की उपमा विधि से यह पूरा नहीं पड़ता.  ज्ञान या सत्ता जैसा और कोई वस्तु नहीं है.  उपमा विधि से “भीगे होने” की वास्तविकता को समझाने की शुरुआत है.  हर परमाणु-अंश भीगा है, हर परमाणु भीगा है, शरीर भीगा है, जीवन भीगा है.  इसको ज्ञानगोचर विधि से स्वीकारना होता है.  भीगे होने का प्रमाण है – क्रियाशीलता.  क्रियाशीलता का कुछ भाग (रासायनिक भौतिक वस्तुएं) इन्द्रियगोचर होने के साथ ज्ञागोचर भी है.  जीवन संबंधी वस्तुएं और सत्ता केवल ज्ञानगोचर हैं.  ज्ञानगोचर पक्ष पर यदि हमको यकीन होता है तो इस बात को “समझने” में हमको तकलीफ नहीं होगा.  ज्ञानगोचर पक्ष को पहचानना जीवन का अधिकार है, जब हम यह स्वीकार पाते हैं – तब हम “समझ” पाते हैं.  यदि ऐसा नहीं स्वीकार पाते हैं तो नहीं समझ पायेंगे.  ज्ञानगोचर पक्ष पर आपका गम्यता कहाँ तक हुआ है, उसको सोचना चाहिए.

आप और हम इसको समझने और समझाने के प्रयास में चल रहे हैं.  “यह समझ में नहीं आ सकता” – ऐसा निर्णय नहीं ले लेना.  “इसको हम समझना चाहते हैं” – यहाँ तक आप की बात ठीक है.

प्रश्न: तो क्या अभी आपकी बात हम बिना समझे स्वीकार लें?

उत्तर: समझने पर ही कोई भी बात स्वीकार होता है या अस्वीकार होता है.  “बिना समझे हम स्वीकारेंगे नहीं!” – इस हठ से तो आप इस प्रस्ताव को सुनेंगे ही नहीं.  इस प्रस्ताव को “सुनना है” या “नहीं सुनना है”, “समझना है” या “नहीं समझना है”, फिर “स्वीकारना है” या “नहीं स्वीकारना है” – यह आपके अधिकार की बात है.  इसका मार्ग है: - “पहले समझने के लिए स्वीकारना.  फिर समझ कर स्वीकारना.” 

प्रश्न: तो क्या आपके तर्क को समझ कर ही स्वीकारा जा सकता है?

उत्तर: यह प्रस्ताव तर्क नहीं है, स्वयं में शोध की बात है.  हम समझ पा रहे हैं या नहीं समझ पा रहे – इसका स्वयं में शोध होना.  अस्तित्व में वस्तु के रूप में समझ पा रहे हैं या नहीं – इसका स्वयं में शोध होना.  अस्तित्व में वस्तु के रूप में समझना ही ज्ञानगोचर है.  सत्ता और जीवन को ज्ञानगोचर विधि से ही समझा जा सकता है.  इन्द्रियगोचर विधि से यह होगा नहीं!  इन्द्रिय-गोचर विधि से केवल इनके लक्षण आते हैं.  जैसे मैं जो समाधान-समृद्धि पूर्वक जीता हूँ, मेरे वह लक्षण आप तक पहुँचता है.  वह सूत्र भेदते-भेदते जीवन-गत होता है.  जीवन-गत होने पर ज्ञानगोचर होता है.  ज्ञानगोचर हो जाने पर वह आपका स्वत्व हो गया.  समझ स्वत्व होने पर स्वतन्त्र हो गए.  मानव के लिए ज्ञान-गोचर विधि से ही तृप्ति बिंदु है.  मानव ज्ञान-विधि से ही तृप्त होता है.  यांत्रिक विधि से मानव तृप्त हो नहीं सकता.  

उत्तेजित होकर समझा नहीं जा सकता.  शान्ति पूर्वक ही समझा जा सकता है.  सत्ता की सर्वत्र विद्यमानता, सर्वत्र पारदर्शीयता और सर्वत्र पारगामीयता ज्ञान-गोचर है.  इन तीनो बातों पर ध्यान देना होता है.  सबसे ज्यादा ज्ञान-गोचर कुछ है, तो वह यही है.  इस भाषा का क्या अर्थ है – इसका शोध करने का दायित्व आपका स्वयं का है.  इसीलिये “ध्यान” देने के लिए कह रहे हैं. समझने के लिए ध्यान देना होता है, समझने के बाद ध्यान बना ही रहता है.  ध्यान का मतलब विधिवत अध्ययन करना ही है.  इसके अलावा पूर्णता पाने के लिए दूसरा रास्ता समाधि-संयम पूर्वक अनुसंधान है – जो अँधेरे में हाथ मारने जैसा है.  मिल जाए तो ठीक है, नहीं तो और हाथ मारते रहो!  भौतिकवादी विधि से यांत्रिकता हाथ लगती है.  यांत्रिकता गलत है – ऐसा मैंने नहीं कहा है.  यांत्रिकता की सीमा में मनुष्य नहीं है – यह कहा है.   संज्ञानीयता यांत्रिकता की सीमा में नहीं है.  

संज्ञानीयता है – सत्ता में संपृक्त प्रकृति को समझना.  यह समझ में नहीं आता है तो संज्ञानीयता में प्रवेश ही नहीं हुआ.  संज्ञानीयता की शुरुआत ही यहाँ से है.  यही मूल मुद्दा है.  सत्ता में संपृक्त प्रकृति में ही परिवर्तन, परिमार्जन और गुणात्मक-विकास तक का सम्बन्ध बना हुआ है.  सत्ता में संपृक्तता समझ में नहीं आता है तो हम कितना भी प्रयास करें – वह अधूरा ही रहेगा.  ज्ञानगोचर प्रक्रिया जीवन में समाहित है ही.  जीवन ज्ञानेन्द्रियों (शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध इन्द्रियों) से जो भी देखता है, वह ज्ञान-संपन्न होने के लिए ही देखता है.  उसमे कोई तकलीफ भी नहीं है.  ज्ञानगोचर होने के लिए हमको ज्यादा बल देने की ज़रूरत है.  संपृक्तता समझ में नहीं आ रहा है, उसका कारण है – इन्द्रियगोचर और ज्ञानगोचर का भेद स्पष्ट नहीं होना.  इन्द्रिय संवेदनाओं से ज्ञान होने के सम्बन्ध को हमने स्वीकार लिया है.  ज्ञानगोचर विधि में ज्ञान से ही वास्तविकताएं स्पष्ट होना और व्यवहार में उसका संकेत पहुँच जाना होता है.  मैंने जो जिया है, उसका तरीका यही है.  मैं तो इतना ही कह सकता हूँ.  

- श्रद्धेय नागराज जी के साथ संवाद पर आधारित (दिसम्बर २००८).